किसानों को मिलेगा हक का पर्याप्त पानी: शाले मोहम्मद
जैसलमेर. अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि नहरी क्षेत्र के किसानों को उनके हक का पर्याप्त पानी मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हमेशा किसानों के हितों को ध्यान में रखकर ही फैसलें करती है और जल्द ही जैसलमेर के किसानों को समूचा पानी उपलब्ध कराया जाएगा। मंत्री शाले मोहम्मद ने नहरी क्षेत्र का दौरा कर किसानों की समस्याओं को सुना और उन्हें आश्वस्त किया। केबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने 192 आरडी, 80 आरडी, बाहला सहित नहरी क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने किसानों की समस्याओं को सुना एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए। नहरी क्षेत्र के दौरे के दौरान किसानों ने कैबिनेट मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों ने बताया कि नहर विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते नहरों में पानी नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण उनकी फसलें बर्बाद हो रही है। किसानों ने कहा कि कई मर्तबा शिकायत के बावजूद भी नहर विभाग के अधिकारियों की नींद आज तक नहीं टूट पाई है। किसानों ने कहा कि नहर विभाग में कार्यरत उदासीन अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए। मंत्री ने किसानों की समस्याओं को तसल्ली से सुना तथा त्वरित समाधान का आश्वासन भी दिया। इस दौरान बाहला गांव में किसानों ने अपनी समस्याओं को कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखा। किसानों ने कहा कि ग्राम सेवा सहकारी समिति बाहला में अरणी खातों को ओडी से बाहर निकाल कर किसानों को राहत दी जाए। इस दौरान 193आरडीए 80 आरडी में 33 केवी जीएसएस की भी किसानों ने मांग रखी।