शॉर्ट सर्किट से मिठाई की दुकान में लगी आग, सामान जला
लाठी. गांव के मुख्य बाजार में स्थित एक मिठाई की दुकान में विद्युत तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण शुक्रवार की देर रात अचानक आग लग गई। जिससे दुकान व उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग पर एक घंटे की मशक्कत कर काबू किया गया। गांव के मुख्य बाजार में प्रकाश पालीवाल की मिठाई की दुकान स्थित है। शुक्रवार की देर रात करीब दो बजे तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी आगोश में ले लिया। जिससे टिनशेड व दुकान में रखा सामान धूं-धूं कर जलने लगा। आग की लपटें देखकर बाजार में बैठे रोजेदार मुज्जफरखां, सिकंदरखां, भूरेखां, उदाराम कुम्हार, फूसाराम सैन, बलवंतसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर टंकियों से पानी लाकर करीब एक घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू किया। आग से दुकान का टिनशेड, काउंटर, चारपाई सहित हजारों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया।
झाड़ियों में लगी आग
नोख,- क्षेत्र के मदासर गांव के पास शनिवार दोपहर को झाड़ियों में आग लगने से पेड़ पौधे व झाड़ियां स्वाहा हो गई । जानकारी के अनुसार 1120 आरडी से 155 आरडी की ओर जाने वाली सड़क मार्ग के दोनों ओर मदासर गांव के पास अचानक से आग लग गई । करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया । तेज हवा व सूखे कचरे से आग लगातार बढती गई । इस दौरान सूचना मिलने पर नोख थानाधिकारी मोहम्मद हनीफ जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू करने का प्रयास किया । इस दौरान उन्होंने ग्राम की मदद से आग से आगे के सूखे कचरे व झाड़ियों को जेसीबी की मदद से हटाकर आग को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया । इस दौरान नोख सोलर प्लांट से पहुंची दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया ।