
रामदेवरा गांव से पोकरण जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर सीमा सुरक्षा बल के पास मंगलवार को सुबह चलते ट्रोले के टायरों में अचानक आग लग गई, जिससे एकबारगी अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पास ही स्थित सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी व जवान टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे और दमकल व टैंकरों से पानी डालकर आग पर काबू किया गया। थानाधिकारी खम्माराम विश्नोई ने बताया कि सीमेंट से भरा एक ट्रोला गांव की तरफ आ रहा था, जिसे नाचना जाना था। गांव से 3 किलोमीटर पहले बीएसएफ परिसर के पास ट्रोले के पीछे के टायरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग आगे बढ़ती गई और ट्रोले को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग लगी देख चालक ओमप्रकाश ने ट्रोले को सड़क के किनारे किया और नीचे कूदकर जान बचाई। टायरों में लगी आग के कारण धुंए के गुब्बार उठने लगे और चारों तरफ धुंआ फैल गया। साथ ही यहां से गुजर रहे राहगीरों व वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया।
टैंकरों व दमकल से किया काबू
ट्रोले में लगी आग की सूचना मिलते ही बीएसएफ के कमांडेंट रणवीरसिंह, द्वितीय कमान अधिकारी अशोककुमार दुबे, अर्जुडेंट महेन्द्रसिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जवान पानी से भरे 2 टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान पोकरण नगरपालिका की दमकल के पायलट सुरेशकुमार भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। दमकल व टैंकरों की सहायता से करीब आधे घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू किया गया। गनीमत रही कि आग पर समय रहते काबू कर लिया गया। यदि आग ट्रॉले के ईंधन टैंक तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। इस दौरान रामदेवरा थाने से पुलिस बल भी मौके पर उपस्थित रहा।
थम गया यातायात, लगा जाम
सीमेंट से भरे ट्रॉले में लगी आग और उठती लपटों को देखकर यहां से गुजर रहे वाहन चालक भी दूर खड़े हो गए। आग के दौरान टायरों में हल्के धमाके भी हुए। जिससे अन्य वाहन चालक सहम गए। इस दौरान यहां वाहनों की कतार लग गई और जाम की स्थिति हो गई। आग पर काबू करने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और यातायात सुचारु हो पाया।