19 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: धूमधाम के साथ आज मनेगा दशहरा…45 फीट के रावण और 40-40 फीट के कुम्भकर्ण और मेघनाद का होगा दहन

स्वर्णनगरी में विजयदशमी पर मंगलवार को असत्य पर सत्य की विजय का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में 45 फीट ऊंचे रावण सहित कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। शाम 6.30 बजे होने वाले आयोजन में रंगारंग आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
less than 1 minute read
Google source verification
jaisalmer

जैसलमेर. पूनम स्टेडियम में पुतले तैयार करते हुए। पत्रिका

जैसलमेर. असत्य पर सत्य की विजय का पर्व विजयदशमी मंगलवार को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। जैसलमेर के शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में इस वर्ष रावण 45 फीट, उसके भाई कुम्भकर्ण और पुत्र मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। शाम 6.30 बजे पुतलों का दहन कार्यक्रम होगा। इस मौके पर रंगारंग आतिशबाजी भी की जाएगी। नगरपरिषद ने हमेशा की भांति पुतला दहन और आतिशबाजी का आयोजन रखा है। आयुक्त पवन कुमार ने बताया कि 10 लाख रुपए की रकम निर्धारित की है।

गौरतलब है कि प्रतिवर्ष विजयदशमी के मौके पर स्टेडियम में सूर्यास्त के बाद तीनों पुतलों का दहन और रंग-बिरंगी आतिशबाजी का कार्यक्रम आयोजित करवाया जाता है। अतिथियों के तौर पर जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी इन पुतलों का दहन करते रहे हैं।

तरह-तरह की होगी आतिशबाजी

विजयदशमी पर दहन के समय रावण की आंखों से अंगारे बरसते नजर आएंगे। मुंह से आग के गोले और नाभि-सिर पर अग्निचक्र चलता है तो तलवार से चिंगारियां फूटेंगी। इस बीच आसमान में आतिशबाजी से आकाशगंगा के नजारे बनेंगे। कई तरह के पटाखे और धमाकों के साथ नई तरह की आतिशबाजी कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा। विगत वर्षों में नगरपरिषद की तरफ से रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतलों की ऊंचाई बढ़ी है। जिससे लोगों का आकर्षण भी वर्ष दर वर्ष बढ़ा है। इस अवसर पर शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में हजारों की संख्या में शहरी व ग्रामीणों की मौजूदगी रहती है। पूनम स्टेडियम में तीनों पुतलों को तैयार किया गया है। जानकारी के अनुसार पूनमसिंह स्टेडियम में करीब आधे घंटे तक रंग-बिरंगी आतिशबाजी की जाएगी। जिससे वहां का पूरा आकाश आतिशी नजारों से पट जाएगा।