जैसलमेर

फूड पॉइजनिंग से बिगड़ी 5 की तबीयत, एक जोधपुर रैफर

पोकरण क्षेत्र के बड़ली मांडा गांव के पास स्थित एक खेत में गुरुवार की शाम फ्रूट खाने व पानी पीने के बाद 5 जनों की तबीयत बिगड़ गई।

less than 1 minute read
Feb 20, 2026

पोकरण क्षेत्र के बड़ली मांडा गांव के पास स्थित एक खेत में गुरुवार की शाम फ्रूट खाने व पानी पीने के बाद 5 जनों की तबीयत बिगड़ गई। जिनमें से 1 की हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रैफर किया गया है। जानकारी के अनुसार बड़ली मांडा गांव के पास एक खेत में परिवार निवास करता है। गुरुवार शाम 6 बजे बाद परिवार ने पहले पपीता खाया और फिर टांके से पानी निकालकर पीया। जिसके बाद परिवार में उल्फत (48) पत्नी वली मोहम्मद, उसके पुत्र अब्दुल वासिद (33), अमजद (29), असद (17), शबीना खातुन (23) पत्नी अमजदखां व उसके पुत्र सलमान (4) की तबीयत बिगड़ गई।

उल्टी-दस्त होने व तबीयत बिगडऩे पर उन्होंने मेडिकल से ही गोली-दवाई ली और इंजेक्शन भी लिए, जिससे कुछ आराम मिला, लेकिन शुक्रवार को तडक़े 3 बजे फिर तबीयत बिगड़ गई। जिस पर 5 बजे उन्हें पोकरण के राजकीय जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां असद को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रैफर किया गया। जबकि अन्य का उपचार किया गया।

4 भेड़ों की भी मौत

परिवार के हबीबउल्ला मदनी ने बताया कि आशंका है कि टांके के पानी के कारण परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी है। उन्होंने बताया कि उसी टांके का पानी उनकी भेड़ों ने भी पीया था। जिससे 4 भेड़ों की मौत हो गई है। ऐसे में टांके के पानी में ही कोई मिलावट या कुछ और हो सकता है।

Published on:
20 Feb 2026 09:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर