-पहले दिन महज तीन जगहों से लिए थे सैम्पल-जिले में चल रहा शुद्ध के लिए युद्ध अभियान
जैसलमेर. राज्य भर की भांति सीमावर्ती जैसलमेर जिले में त्योहारों के मौके पर मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे शुद्ध के लिए युद्ध अभियान को लेकर सरकारी तंत्र कितना गंभीर है, इसकी बानगी अभियान के आगाज पर देखने को मिल गई है। राज्य भर की भांति जैसलमेर में भी गत 26 तारीख से अभियान की शुरुआत की गई और पहले ही दिन यहां हाल में पदस्थापित खाद्य सुरक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत गुप्ता को हटाकर श्रीगंगानगर भेज दिया गया है। इस आशय के आदेश आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) एवं निदेशक (जन स्वा.) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से जारी किए गए। जिसकी पालना में जैसलमेर के सीएमएचओ ने गुप्ता को 26 अक्टूबर को कार्यमुक्त करते हुए अपनी उपस्थिति सीएमएचओ श्रीगंगानगर को देने के लिए आदेशित किया।
बूंदी से लगाया था जैसलमेर
गौरतलब है कि बूंदी में पदस्थापित गुप्ता को पिछले दिनों ही अभियान के मद्देनजर जैसलमेर भेजा गया था। उनके यहां पदस्थापन को लेकर भी सवाल उठे थे। अब उन्हें हटाए जाने के बाद विशाल भू-भाग वाले जैसलमेर जिले में अभियान संचालन के लिए एक ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदस्थापित रह गया है। गत 26 अक्टूबर को अभियान के आगाज अवसर पर जिले भर में महज तीन जगहों पर टीमों ने सैम्पलिंग की कार्रवाई की थी।