सुपरवाइजर के अपहरण के चार आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
पोकरण. क्षेत्र के लवां गांव के पास सत्तासर गांव में लगे सोलर प्लांट में कार्यरत एक कंपनी के सुपरवाइजर का अपहरण कर उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के चार आरोपियों को पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार फुलेरा के खेडऱाम निवासी राहुल वर्मा पुत्र रामनारायण ने गुरुवार को रिपोर्ट पेश कर बताया था कि वह सत्तासर में स्थित सोलर प्लांट में वीर तेजा बोरवेल एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्य करता है। उनकी कंपनी सोलर प्लांट में कार्य करती है। उनकी कंपनी में भगवानसिंह के 16 हजार रुपए बकाया चल रहे है। 28 जुलाई की शाम भगवान के आदमी देवीसिंह वगैरह कुल छह जने एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए तथा बकाया रुपए मांगे। जिस पर उसने रुपए अभी नहीं होने व कल देने की बात ही। जिस पर देवीसिंह वगैरह ने उसे जबरदस्ती स्कॉर्पियो में बिठाया और उसका अपहरण कर दिया। उसे पोकरण में एक कमरे में लाकर बिठा दिया व खुद शराब पीने लगे। उसने बताया कि पुलिस ने कमरे पर आकर उसे छुड़ाया और अन्य युवकों को थाने लेकर आई। इस दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों से भी अपमानित किया। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
24 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा को सुपुर्द की गई। पुलिस उपाधीक्षक गोदारा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक खेतसिंह, हेड कांस्टेबल कमलसिंह, खेतसिंह, कांस्टेबल ओमसिंह, मुल्तानाराम, योगेन्द्रसिंह, जय शर्मा की एक टीम गठित की गई। पुलिस उपाधीक्षक गोदारा ने बताया कि मामले के आरोपी झिनझिनयाली थानाक्षेत्र के सिहड़ार निवासी देवीसिंह पुत्र नींबसिंह, झलोड़ा भाटियान निवासी मनोहरसिंह पुत्र किशोरसिंह, जसवंतपुरा जैमला निवासी भानूसिंह पुत्र भगवानसिंह व भगवतीपुरा भणियाणा निवासी भारतसिंह पुत्र प्रहलादसिंह को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। जिस पर उन्होंने सुपरवाइजर का अपहरण करने की बात स्वीकार किया। जिस पर उन्हें शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।