
जैसलमेर. प्रदेश के शिक्षा विभाग में पदोन्नति और पदस्थापन के बीच लंबा अंतराल अब विभागीय व्यवस्था की बड़ी उलझन बनता जा रहा है। डीपीसी वर्ष 2024-25 के तहत पदोन्नत 2873 प्राचार्य करीब डेढ़ साल से विद्यालय आवंटन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। 28 मई 2025 को पदोन्नति आदेश जारी होने के दो दिन बाद 30 मई को संबंधित कार्मिकों ने कार्यग्रहण भी कर लिया, लेकिन नए पद के अनुरूप विद्यालय आवंटन और पदस्थापन की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है। स्थिति यह है कि विभाग चार बार काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर चुका है, लेकिन प्रत्येक बार कार्यक्रम निरस्त होने से पूरी प्रक्रिया अटक गई। डीपीसी वर्ष 2024-25 के तहत पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद कार्मिकों को काउंसलिंग के जरिए विद्यालय आवंटित किए जाने थे। इसके लिए विभाग ने चार बार कार्यक्रम घोषित किए, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से प्रक्रिया निरस्त हो गई। लगातार कार्यक्रम निरस्त होने से पदोन्नत प्राचार्यों को अपने नए पद के अनुरूप पदस्थापन नहीं मिल पाया। पदोन्नति और कार्यग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद विद्यालय आवंटन का इंतजार बना हुआ है।
मामले का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू विभागीय रिकॉर्ड से जुड़ा है। नव पदोन्नत प्राचार्यों को 6600 ग्रेड पे के अनुरूप पे मैट्रिक्स एल-16 का वेतन मिल रहा है, लेकिन शाला दर्पण पोर्टल पर उनका पदनाम अब भी उप प्राचार्य ही प्रदर्शित हो रहा है। यानी वेतनमान में पदोन्नति का लाभ मिल रहा है, लेकिन ऑनलाइन रिकॉर्ड में पदनाम का संशोधन नहीं हुआ है। इससे पदोन्नति आदेश और विभागीय डिजिटल रिकॉर्ड के बीच अंतर की स्थिति बनी हुई है।
प्रदेश में प्राचार्य पदों की स्थिति भी इस मामले को महत्वपूर्ण बनाती है। राज्य के 19 हजार 807 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्राचार्य के 18 हजार 71 पद स्वीकृत हैं। इनमें 11 हजार 635 पदों पर कार्मिक कार्यरत हैं, जबकि 6436 पद रिक्त चल रहे हैं। दूसरी ओर कुछ विद्यालयों में चार-चार प्राचार्य कार्यरत हैं। ऐसे में एक तरफ बड़ी संख्या में पद रिक्त होना और दूसरी तरफ कुछ विद्यालयों में प्राचार्यों की अधिक उपलब्धता होना कार्मिकों के समान वितरण की जरूरत को दर्शाता है।
* नव पदोन्नत प्राचार्य : 2873
* पदोन्नति आदेश : 28 मई 2025
* कार्यग्रहण : 30 मई 2025
* काउंसलिंग कार्यक्रम : चार बार जारी, सभी निरस्त
* स्वीकृत प्राचार्य पद : 18,071
* कार्यरत प्राचार्य : 11,635
* रिक्त प्राचार्य पद : 6436
* वर्तमान वेतनमान : पे मैट्रिक्स एल-16