जैसलमेर

गैस सिलेण्डर फटने से लगी आग, झोंपा व सामान जला

गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ
less than 1 minute read
Aug 26, 2020
गैस सिलेण्डर फटने से लगी आग, झोंपा व सामान जला
गैस सिलेण्डर फटने से लगी आग, झोंपा व सामान जला

नोख. क्षेत्र के टावरीवाला गांव में स्थित एक ढाणी में मंगलवार को सुबह अचानक आग लगने से गैस सिलेण्डर फट गया। जिससे झोंपा व उसमें रखा सामान जल गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। टावरीवाला निवासी धनसिंह व उसका परिवार रात में खाना खाकर सो गया। उसकी पत्नी व बच्चे आंगन में सो रहे थे। अलसुबह करीब चार बजे अचानक झोंपे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और झोंपा व सामान धूं-धूं कर जलने लगे। आग की लपटें देखकर परिवारजन घर से बाहर आ गए और यहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने महिलाओं व बच्चों को घर से दूर भगा दिया तथा आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान झोंपे में रखा एक गैस सिलेण्डर तेज आवाज के साथ फट गया। जिससे ग्रामीणोंं में एकबारगी हड़कंप मच गया। गैस सिलेण्डर फटने से कमरे के दरवाजे टूट गए और दीवारों में दरारें आ गई। ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत कर झोंपे में लगी आग पर काबू किया। आग से झोंपा व सामान जलकर नष्ट हो गए। गैस सिलेण्डर फटने से कोई चपेट में नहीं आने से बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पुलिस भी टावरीवाला पहुंची तथा मौका मुआयना किया।

Updated on:
26 Aug 2020 01:21 am
Published on:
26 Aug 2020 01:21 am