जैसलमेर

jaisalmer: घट स्थापना के साथ गूंजे देवी जयकारे, शक्तिपीठों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

जैसलमेर. शारदीय नवरात्र के आगाज के साथ स्वर्णनगरी में शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। घट स्थापना के साथ शहर से गांवों तक देवी आराधना शुरू हुई और प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतारें लगीं। देवी जयकारों और धार्मिक आयोजनों के बीच नवरात्र के पहले दिन आस्था के साथ उत्सवी माहौल भी नजर आया।
2 min read
• •
Oct 11, 2026
jaisalmer
शारदीय नवरात्र के पहले दिन जैसलमेर के शक्तिपीठों में घट स्थापना के साथशुरू हुई देवी आराधना ।

जैसलमेर. शारदीय नवरात्र के आगाज के साथ स्वर्णनगरी में देवी आराधना का दौर शुरू हो गया। घट स्थापना के साथ शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक स्थित शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। सुबह से मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लगने लगीं, जो देर शाम तक जारी रहीं। देवी जयकारों और धार्मिक आयोजनों से माहौल भक्तिमय हो गया। नवरात्र के पहले दिन जिले के प्रमुख शक्तिपीठों पर आस्था का ज्वार उमड़ा, वहीं शहर में गरबा और डांडिया की तैयारियों के साथ उत्सवी रंग भी दिखाई देने लगा। देवीकोट गांव के पास स्थित देगराय मंदिर में जसोड़ भाटी राजपूत समाज के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु पहुंचे और देवी के दर्शन किए। पोकरण के निकट आशापुरा मंदिर में भी भक्तों की आवाजाही रही। जैसलमेर से करीब 27 किलोमीटर दूर कालेडूंगरराय मंदिर और करीब 30 किलोमीटर दूर तेमड़ेराय माता मंदिर में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा-अर्चना की। नवरात्र के पहले दिन इन धार्मिक स्थलों पर आस्था और भक्ति का माहौल नजर आया।

शहर से ग्रामीण अंचलों तक मंदिरों में धार्मिक आयोजन

जैसलमेर शहर के नभडूंगर स्थित राय मंदिर, गजरूप सागर के स्वांगियों के मंदिर और सोनार दुर्ग के घंटियाली मंदिर में भी श्रद्धालु पहुंचे। मूलसागर के भूरेरियों मंदिर और मोहनगढ़ के पन्नोधराय मंदिर में भी दर्शन-पूजन का सिलसिला चला। घट स्थापना के साथ शुरू हुई देवी आराधना ने जिले के धार्मिक स्थलों पर रौनक बढ़ा दी। नवरात्र के आगामी दिनों में भी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियां जारी रहेंगी।

गरबा और डांडिया के साथ उत्सवी रंग में रंगी स्वर्णनगरी|

शक्तिपीठों पर दर्शन-पूजन के साथ जैसलमेर में नवरात्र का सांस्कृतिक रंग भी दिखाई देने लगा है। स्वर्णनगरी में गरबा और डांडिया नृत्यों की धूम शुरू हो गई। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक आयोजनों का यह संगम नवरात्र के उत्साह को और बढ़ा रहा है। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ शहर में उत्सवी गतिविधियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

नवरात्रा स्थापना पर किया कन्या पूजन

पोकरण. भारत विकास परिषद की ओर से रविवार को कस्बे के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में भारत को जानो प्रतियोगिता व नवरात्रा स्थापना दिवस पर कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाखा अध्यक्ष अभय अग्रवाल ने बताया कि शाखा स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए वरिष्ठ व कनिष्ठ वर्ग के प्रतिभागियों ने भाग लिया। परिषद के प्रांतीय पर्यवेक्षक मुकेश हर्ष के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता के अलग-अलग राउंड किए गए। इसमें वरिष्ठ व कनिष्ठ वर्ग में विजेता रही टीमों को सम्मानित किया गया। नवरात्रा स्थापना के मौके पर शाखा की ओर से विद्यालय में संचालित बालिका छात्रावास में कन्या पूजन कर भोजन करवाया गया। इस मौके पर अचलदान रतनू, देवीसिंह भाटी, जगदीश राठी, हेमशंकर जोशी, विष्णुकुमार थानवी, जितेन्द्र विश्नोई, प्रशांत दुबे आदि उपस्थित रहे। संचालन दौलतसिंह राठौड़ ने किया।

Updated on:
11 Oct 2026 08:33 pm
Published on:
11 Oct 2026 08:33 pm