- शिविर का किया निरीक्षण, प्रमाण पत्र किए वितरित
पोकरण (आंचलिक). राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग के मंत्री व पोकरण विधायक शाले मोहम्मद ने कहा कि राज्य सरकार की मनसा है कि प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित हो रहे शिविरों में आमजन के कार्य हो तथा लंबित समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने क्षेत्र के ओढ़ाणिया गांव में प्रशासन गांवों के संग शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर से पूर्व तीन दिन तक लगने वाले प्री-कैम्प में उपस्थित रहकर ग्रामीणों से समस्याओं के आवेदन प्राप्त करें। ग्रामीणों के साथ सरपंच से भी मुलाकात कर गांव की मुख्य समस्या की जानकारी लें और उसका निस्तारण करें। तभी सरकार की मनसा व शिविर का उद्देश्य पूरा होगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी प्री व मुख्य शिविर में उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाने तथा लंबित समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करवाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता अब्दुला फकीर ने संबोधित करते हुए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी तथा शिविर में होने वाले कार्यों से अवगत करवाया। उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई, तहसीलदार बंटी राजपूत व विकास अधिकारी गौतम चौधरी ने शिविर के दौरान किए गए कार्यों से अवगत करवाया। सरपंच गजेन्द्र रतनू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद ने शिविर का निरीक्षण कर विभागवार किए जा रहे कार्यों व प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इन्हें बांटे प्रमाण पत्र
शिविर प्रभारी व उपखंड अधिकारी राजेशकुमार विश्रोई ने बताया कि ओढ़ाणिया निवासी कविता पत्नी प्रेमचंद ने आंगनबाड़ी साथिन के लिए आवेदन किया। जिस पर उसका पद के लिए चयन किया गया। आसूनाथ ने आवासीय पट्टे के लिए आवेदन किया। जिस पर उसे पट्टा जारी किया गया। चंद्रप्रकाश मेघवाल ने नेपसेक स्प्रेयर के आवेदन किया। जिस पर कृषि विभाग की ओर से मशीन आवंटित की गई। शिविर में बैठे दिव्यांग मुख्तयार की नजर पड़ी, तो शिविर प्रभारी विश्रोई उनके पास पहुंचे। मुख्तयार ने पेंशन नहीं मिलने की बात बताई। जिस पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता विभाग की ओर से पेंशन स्वीकृत की गई। राधाकिशन, रामाकिशन की ओर से आपसी बंटवारे के लिए आवेदन किया गया। जिस पर राजस्व विभाग की ओर से बंटवारनामा स्वीकृत कर आदेश जारी किए गए। मंत्री शाले मोहम्मद ने प्रार्थियों को प्रमाण पत्र सुपुर्द किए। पीडि़तों को न्याय व राहत मिलने पर उन्होंने मंत्री व सरकार का आभार जताया।