
जैसलमेर. विदाई ले रहे मानसून के बादलों ने शुक्रवार को जैसलमेर शहर को चंद मिनटों में पूरी तरह से भिगो दिया। इसके अलावा जिले के पोकरण और मोहनगढ़ में भी बरसात होने से लोगों के चेहरे खिल गए। हालांकि बरसात के थमने के बाद आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई। इससे पहले दोपहर में करीब 12.30 बजे तेज गति की अंधडऩुमा हवाओं का दौर शुरू हुआ। लगभग आधे घंटे बाद बारिश की झड़ी लग गई, जो कुछ ही देर में तेज हो गई। बारिश का दौर करीब 15 मिनट तक चला, जिससे सडक़ों व गलियों पर पानी बहने लगा। हवा के थम जाने से अच्छी बारिश की उम्मीद बंधी थी, जो पूरी नहीं हो पाई। करीब 15 मिनट बाद बारिश पूरी तरह से रुक गई और आसमान में सूरज के निकल आने से गर्मी चमक गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 36.0 व न्यूनतम 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मोहनगढ़ @ पत्रिका. क्षेत्र में कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बीच शुक्रवार को मौसम ने करवट ली। किसान और ग्रामीण अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार दोपहर अचानक घने काले बादल छा गए और करीब 15 मिनट तक तेज बारिश हुई। बारिश के चलते कस्बे में परनालों से पानी बहा और नालियां उफान पर रहीं। इस बारिश से किसानों और पशुपालकों में खुशी दिखी। मौसम सुहावना हो गया और गर्मी के असर से राहत मिली। शाम करीब 5:30 बजे के बाद मौसम ने फिर करवट ली। तेज आंधी के साथ आसमान में घने काले बादल छा गए। बिजली की तेज कड़कड़ाहट से क्षेत्र में और बारिश की उम्मीद जगी। शाम तक आसमान में घने बादल छाए थे और लगातार बिजली कड़क रही थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
भणियाणा. ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। पूरा श्रावण माह सूखा बीतने के साथ भादवा माह भी आधे से अधिक बीत चुका है। बारिश नहीं होने के कारण किसानों के चेहरे मायूस थे और चिंता की लकीरें उभरने लगी थी। भणियाणा क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक बदले मौसम के चलते दोपहर में आसमान में घने बादल छा गए। दोपहर बाद तेज बौछारों के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 15 मिनट तक जारी रहा। बारिश से जगह-जगह पानी जमा हो गया। साथ ही किसानों के चेहरों पर भी खुशी की लहर छा गई।