
स्वर्णनगरी का ऐतिहासिक गोपा चौक से तिपहिया वाहन स्टैण्ड हटने के बाद अब पर्यटकों के लिए शांति, स्वच्छता और सुकून का नया ठौर बन गया है। कभी जहां किले के प्रवेश द्वार पर तिपहिया वाहनों की भीड़ और अव्यवस्था रहती थी, वहीं अब खुला, व्यवस्थित और आकर्षक वातावरण देखने को मिल रहा है। यहां गोपा चौक के पुनर्विकास के तहत सडक़ों को खुला करवाया गया और यातायात व्यवस्था सुधारी गई। इस दौरान तिपहिया वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण लगाया गया है। स्वच्छ और शांत माहौल ने सैलानियों को यहां अधिक समय बिताने के लिए आकर्षित किया है।
पहले जहां भीड़ और शोरगुल के कारण सैलानियों को असुविधा होती थी, अब वे यहां फोटोग्राफी और शांति व सुकून के पल बिताकर राहत की अनुभूति कर रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि गोपा चौक की नई सूरत ने कारोबार पर सकारात्मक प्रभाव डाला है। स्वच्छ और खुला वातावरण होने से सैलानी सहज महसूस करते हैं और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी में भी रुचि दिखा रहे हैं। दिल्ली से आए राजेश कुमार ने बताया कि मैं हर साल जैसलमेर आता हूं, लेकिन इस बार का अनुभव अलग था। गोपा चौक अब पहले से कहीं अधिक खुला और सुंदर लग रहा है।
भीड़ नहीं होने से किले के सामने फोटो लेना बहुत आसान हो गया। जयपुर की संगीता शर्मा ने कहा कि पहले यहां अव्यवस्था रहती थी, अब सब कुछ व्यवस्थित और साफ-सुथरा है। बच्चों के साथ घूमना अब काफी आरामदायक हो गया है। यूनाइटेड किंगडम की एमिली वॉटसन ने कहा कि जैसलमेर अब पहले से ज्यादा शांत और सुकूनदायक लगता है। किले के पास का क्षेत्र खुला और स्वच्छ है, जिससे वास्तुकला का आनंद लेना बेहद आसान हो गया है। ब्राजील के कार्लोस मेंडेस ने कहा कि गोपा चौक का नया रूप अद्भुत है। अब यहां ट्रैफिक का शोर नहीं, सिर्फ शांति और खूबसूरती है। यह अब फोटोग्राफी के लिए एक शानदार स्थान बन चुका है।