26 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान के 19 साल के अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी का ट्रेनिंग के दौरान निधन, 2 महीने पहले ही सेना में हुए थे भर्ती  

Agniveer Gopal Singh Bhati : जैसलमेर के 19 वर्षीय अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी का दिल्ली में ट्रेनिंग के दौरान आकस्मिक निधन। पैतृक गांव बोनाड़ा में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार।
2 min read
Google source verification
jaisalmer agniveer gopal singh bhati dies during training in delhi

Agniveer Gopal Singh Bhati dies during training - AI PIC

राजस्थान के जैसलमेर जिले के पोकरण विधानसभा क्षेत्र में जसोड़वाटी क्षेत्र के बोनाड़ा गांव में उस समय गहरा शोक छा गया, जब 19 वर्षीय अग्निवीर जवान गोपाल सिंह भाटी के आकस्मिक निधन की दुखद खबर आई। गोपाल सिंह भाटी दिल्ली स्थित राजपूताना राइफल्स रेजीमेंटल केंद्र (Raj Rif Centre, Delhi) में अपनी अग्निवीर ट्रेनिंग ले रहे थे। महज 2 महीने पहले ही उन्होंने देश सेवा का सपना पूरा करते हुए सेना में भर्ती पाई थी। जानकारी के अनुसार ट्रेनिंग के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने या अन्य आकस्मिक कारणों से उनका निधन हो गया, जिसकी आधिकारिक विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आना अभी बाकी है। इस घटना के बाद से पूरे पोकरण क्षेत्र और उनके गांव में मातम का माहौल है।

उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा उनके पैतृक गांव बोनाड़ा लाया जा रहा है, जहां पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और अंतिम संस्कार किया जाएगा।

दो महीने पहले ही सेना में हुए थे भर्ती

बोनाड़ा निवासी चूतर सिंह जी भाटी के 19 वर्षीय पुत्र गोपाल सिंह भाटी का बचपन से ही भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना था। कड़ी मेहनत के बाद 2 महीने पहले ही उनका चयन अग्निवीर योजना के तहत हुआ था और वे अपनी बुनियादी ट्रेनिंग के लिए दिल्ली राजपूताना राइफल्स सेंटर पहुंचे थे।

प्रशिक्षण के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही परिजन बीते दिन दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। लेकिन इलाज के दौरान उन्हें बचाया नहीं जा सका। इतनी कम उम्र में देश के लिए समर्पित युवा जवान के चले जाने से परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं।

राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार

अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी का पार्थिव शरीर दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए उनके पैतृक गांव बोनाड़ा लाया जा रहा है। सैन्य टुकड़ी की मौजूदगी में उनके निवास स्थान पर अंतिम दर्शन के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

सैन्य परंपराओं और राजकीय सम्मान के साथ वीर जवान को अंतिम विदाई दी जाएगी। गांव के युवाओं और ग्रामीणों द्वारा अंतिम यात्रा के दौरान तिरंगा यात्रा निकालने और पुष्पांजलि अर्पित करने की तैयारियां की गई हैं।

जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

19 वर्षीय अग्निवीर के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे जैसलमेर और पोकरण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। राज्य और केंद्र के कई वरिष्ठ नेताओं ने इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जवान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से परिवार को यह संबल देने की प्रार्थना की।

शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने वीर जवान गोपाल सिंह भाटी के असामयिक निधन को क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया।

भाजपा नेता स्वरुप सिंह खारा, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद और भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

आधिकारिक प्रक्रिया और सैन्य रिपोर्ट का इंतजार

राजपूताना राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर की ओर से आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा गया। स्वास्थ्य बिगड़ने के पीछे के सटीक कारणों की जानकारी विस्तृत मेडिकल और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

सैन्य अधिकारियों का कहना है कि अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी के परिवार को नियमानुसार सभी देय सुविधाएं और सम्मान प्रदान किया जाएगा।