गौरतलब है कि गोपा चौक से गड़ीसर मार्ग, सदर बाजार, सोनार दुर्ग का प्रवेश द्वार, शिव मार्ग, ढिब्बा पाड़ा और पंसारी बाजार जैसे प्रमुख रास्ते जुड़े हैं। दिन भर यहां वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से वाहन सडक़ पर ही बेतरतीब खड़े रहते हैं।
जैसलमेर शहर का हृदय स्थल माना जाने वाला गोपा चौक इन दिनों अव्यवस्थाओं का केंद्र बन गया है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों को जोडऩे वाला यह चौक अब जाम, गंदगी और अनियंत्रित यातायात के कारण आमजन के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। गौरतलब है कि गोपा चौक से गड़ीसर मार्ग, सदर बाजार, सोनार दुर्ग का प्रवेश द्वार, शिव मार्ग, ढिब्बा पाड़ा और पंसारी बाजार जैसे प्रमुख रास्ते जुड़े हैं। दिन भर यहां वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से वाहन सडक़ पर ही बेतरतीब खड़े रहते हैं। इससे मार्ग संकरा हो जाता है और पैदल राहगीरों के साथ दुपहिया वाहन चालकों को भी कठिनाई उठानी पड़ती है।
पर्यटन सीजन मंद पड़ते ही यातायात नियंत्रण में ढील साफ दिखाई देने लगी है। सुबह से लेकर शाम तक भारी वाहन भी इस चौक से गुजरते रहते हैं, जिससे कई बार जाम जैसी स्थिति बन जाती है।
गोपा चौक के पास मॉर्डन टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद खुले में लघुशंका करने पर किसी तरह की रोक नहीं है। ऐसे में विशेष रूप से सब्जी मंडी के पास दुर्गंध फैलती रहती है, जिससे राहगीरों को असहजता का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति न केवल स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण है, बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित निगरानी और ठोस व्यवस्था के अभाव में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यदि पार्किंग, यातायात नियंत्रण और सफाई व्यवस्था पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
गोपा चौक में दिनभर वाहन खड़े रहते हैं, जिससे ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में परेशानी होती है। कई लोग जाम देखकर वापस लौट जाते हैं। बिना स्टैण्ड के भी पार्किंग होने से यहां व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।
-रमेश कुमार, स्थानीय निवासी
खुले में लघुशंका के कारण आसपास बदबू बनी रहती है। यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है, खासकर महिलाओं के लिए स्थिति ज्यादा असहज रहती है। सफाई और निगरानी पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे समस्या लगातार बनी हुई है।
-गुरुदत्त सोनी, स्थानीय निवासी
गोपा चौक में हर समय जाम जैसी स्थिति रहती है। भारी वाहन भी यहीं से निकलते हैं, जिससे ट्रैफिक और बिगड़ जाता है। सवारी को समय पर पहुंचाना मुश्किल हो जाता है और रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है।
-इमरान खां, स्थानीय निवासी
यह शहर का प्रमुख मार्ग है, लेकिन यहां अव्यवस्था ही नजर आती है। पैदल चलना मुश्किल हो गया है। गंदगी और दुर्गंध अलग समस्या है। इससे शहर की छवि खराब हो रही है और बाहर से आने वाले लोग भी असंतुष्ट रहते हैं।
-महेन्द्रसिंह, स्थानीय निवासी