
जैसलमेर. जैसलमेर जिले के विभिन्न ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर अधिकांश स्थानों पर प्रस्तावित ग्राम सभा नहीं हुई। सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी जहां अवकाश पर रहे, वहीं कर्मचारियों की हड़ताल का भी यहां असर देखने को मिला। पत्रिका की पड़ताल में यह बात सामने आई कि कई ग्राम पंचायत मुख्यालय पर अटल सेवा केन्द्रों के ताले ही नहीं खुले।
डाबला. ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मंगलवार को ग्राम सभा का आयोजन हुआ, लेकिन ग्रामीणों को निराश लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार ग्रामसेवकों की हड़ताल के कारण कोई कार्यवाही नही हुई। सरपंच व ग्राम सेवक पंचायत पर उपस्थित नही हुए। ग्राम पंचायत के ताले जरूर खुले, लेकिन सरपंच और ग्राम सेवक की ओर से ग्राम सभा का बहिष्कार किया गया।
मोहनगढ़. पंचायती राज सेवा परिषद के अधिकारी व कर्मचारी लंबे समय से सामूहिक अवकाश पर चल रहे हैं। इसको लेकर सोमवार को सरपंच संघ की ओर से कर्मचारियों को समर्थन देने की घोषणा की गई। मोहनगढ़ में ग्राम पंचायत भवन के ताले तक नहीं खुले। मोहनगढ़ में ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम सहायक के सामूहिक अवकाश पर रहने के कारण ग्राम सभा का आयोजन नहीं हो पाया। मोहनगढ़ सरपंच दोस्त अली सांवरा ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम सहायक पहले से ही सामुहिक अवकाश पर चल रहे हैं। जिसके चलते कई कार्य नहीं हो रहे थे। सोमवार को पंचायती राज सेवा परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों को सरपंच संघ द्वारा भी समर्थन दिया गया था। जिसकी सूचना लिखित में जिला कलेक्टर को भी दी गई थी। इसके चलते मोहनगढ़ ग्राम पंचायत की ग्राम सभा का आयोजन नहीं किया गया।
पोकरण. पंचायत समिति सांकड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में मंगलवार को आयोजित ग्रामसभाओं का सरपंचों व ग्राम विकास अधिकारियों की ओर से बहिष्कार किया गया। जिससे सभी ग्राम पंचायतों मुख्यालयों पर ग्रामसभाओं का आयोजन नहीं हो सका। गौरतलब है कि राज्य पंचायतीराज सेवा परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से गत 12 सितम्बर से आंदोलन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत कार्य का बहिष्कार कर धरना दिया जा रहा है। आंदोलन को सरपंच संघ की ओर से भी समर्थन किया गया तथा मंगलवार को ग्रामसभाओं का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। जिससे किसी भी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ग्रामसभा का आयोजन नहीं हो सका। (का.सं.)
रामदेवरा. ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित ग्रामसभा कोरम के अभाव में स्थगित की गई। ग्रामसभा में सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी व अन्य कार्मिकों ने भाग लिया। ऐसे में कोरम पूरा नहीं होने पर ग्रामसभा स्थगित की गई।
नोख. ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मंगलवार को ग्रामसभा का आयोजन नहीं हो सका। ग्राम विकास अधिकारी व सरपंच की ओर से ग्रामसभा का बहिष्कार किया गया। जिससे यहां आए वार्डपंचोंं व ग्रामीणों को निराश होकर पुन: लौटना पड़ा। मंगलवार को दिनभर ग्राम पंचायत कार्यालय के ताले लटके नजर आए।
नाचना. पंचायतीराज सेवा परिषद की हड़ताल, कार्य बहिष्कार व आंदोलन के चलते मंगलवार को स्थानीय ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ग्रामसभा का आयोजन नहीं हो सका। सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण अटल सेवा केन्द्र पहुंचे, लेकिन यहां ताला लटका हुआ था। ग्रामसभा का आयोजन नहीं होने से ग्रामीणों को निराशा हाथ लगी।