
जैसलमेर. स्वर्णनगरी में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर श्रद्धा और उल्लास का माहौल नजर आया। वायुसेना मार्ग स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में मत्था टेककर देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की अरदास की। सुबह से शाम तक गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। स्थानीय निवासियों के साथ सेना, वायुसेना, सीमा सुरक्षा बल और ग्रेफ के जवानों ने भी दरबार में हाजिरी लगाई। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
गुरुद्वारा साध संगत की ओर से गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य में मुख्य कार्यक्रम 29 नवंबर को आयोजित होगा। कार्यक्रमों की शृंखला में 27 नवंबर को अखंड पाठ आरंभ होगा और 29 नवंबर को अखंड पाठ का भोग, आसा दी वार, शबद कीर्तन और गुरु का अटूट लंगर आयोजित होगा।
पोकरण.सिक्खों के प्रथम गुरु नानकदेव की 557वीं जयंती प्रकाश पर्व के रूप में कस्बे के गुरुद्वारा दमदमा साहेब में मनाई गई और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा में मत्था टेककर अरदास की। कस्बे के रेलवे स्टेशन के पास स्थित गुरुद्वारा दमदमा साहेब में गुरु नानकदेव की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिनभर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे और यहां आए श्रद्धालुओं ने मत्था टेका व गुरु ग्रंथ साहेब की पूजा की। मंगलवार को अलसुबह से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया, जो देर शाम तक भी जारी रहा। सैकड़ों लोगों ने विशाल स्तम्भ व ध्वज के दर्शन किए और गुरुद्वारे में मत्था टेककर अमन, चैन, खुशहाली, आपसी सद्भाव, भाइचारे के लिए प्रार्थना की।
गुरुद्वारे के सेवादार निछतरसिंह ने बताया कि सुबह गुरुद्वारे में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब से आए कथावाचकों की ओर से गुरुवाणी व सुखवाणी का पाठ किया गया और गुरुग्रंथ साहब को सिक्ख समाज का स्थायी रूप से गुरु बताते हुए उसी में गुरुनानक साहब के बताए मार्गों, आदर्शो व सिद्धांतों पर चलकर समाज को संगठित करने का आह्वान किया। इस मौके पर कविश्री जत्थे ने कविकीर्तन किया। मंगलवार को पंजाब, हरियाणा व राजस्थान सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में आए सिक्ख समाज के लोगों, सैन्य अधिकारियों, सैनिकों व स्थानीय लोगों ने गुरुनानक जयंती पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी।
गुरु नानक जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों के अंतर्गत मंगलवार को गुरुद्वारे में स्थित भोजनशाला में गुरु के लंगर का आयोजन किया गया। इसमें यहां आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कतारों में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को लंगर में मान मनुहार के साथ भोजन करवाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में उपस्थित सेवादारों, कारसेवकों व सेना के जवानों ने यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा की। लंगर देर शाम तक चलता रहा।