
रामगढ़. सीमावर्ती रामगढ़ क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की नियमित अनुपस्थिति के चलते मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को उपचार की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचे मरीज घंटों चिकित्सकों का इंतजार करते रहे, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लगाए गए चिकित्सक भी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। ऐसे में मरीजों को बिना उपचार करवाए ही वापस लौटना पड़ा। कई मरीज निजी अस्पतालों में उपचार करवाने को मजबूर हुए। चिंताजनक स्थिति यह है कि दो दिन पहले ही चिकित्सकों की कमी और अस्पताल की अव्यवस्थाओं से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर विरोध जताया था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इस विरोध के बाद चिकित्सा विभाग गंभीरता दिखाएगा और अस्पताल में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करेगा, लेकिन विरोध के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली और ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति उसकी संवेदनशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।
चिकित्सा विभाग ने हाल ही में पांच स्थानों पर चिकित्सकों की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किए हैं, लेकिन इस सूची में रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को शामिल नहीं किया गया। इससे क्षेत्रवासियों में निराशा और नाराजगी है। एक ओर अन्य स्थानों पर चिकित्सकों की नियुक्ति की जा रही है, वहीं दूसरी ओर सीमावर्ती रामगढ़ क्षेत्र की हजारों की आबादी को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। चिकित्सकों की नियुक्ति सूची में रामगढ़ का नाम शामिल नहीं होना विभाग की प्राथमिकताओं पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कस्बे सहित आसपास के नहरी क्षेत्र के दर्जनों गांवों और ढाणियों की बड़ी आबादी उपचार के लिए निर्भर है। ऐसे में अस्पताल में चिकित्सकों की अनुपस्थिति आमजन के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर उपचार नहीं मिलने से मरीजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब अस्पताल में चिकित्सक ही उपलब्ध नहीं होंगे तो क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं कैसे मिलेंगी? ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन पहले अस्पताल में तालाबंदी कर विरोध जताने के बावजूद चिकित्सा व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हुआ। आखिर कब तक मरीज चिकित्सकों के इंतजार में अस्पताल के चक्कर लगाते रहेंगे? क्षेत्रवासियों ने चिकित्सा विभाग और जिला प्रशासन से रामगढ़ सीएचसी में तत्काल चिकित्सकों की नियुक्ति करने, वैकल्पिक चिकित्सा व्यवस्था को प्रभावी बनाने और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है।