-जैसलमेर व पोकरण सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर बरसे मेघ
जैसलमेर. सरहदी जैसलमेर जिले के बाशिंदों की मंगलवार को लंबे समय से बनी बारिश की ख्वाहिश आखिरकार पूरी हुई। स्वर्णनगरी सहित जिले भर में हुई झमाझम बारिश ने मौसम खुशनुमा कर दिया, वहीं आमजन को भी गर्मी व उमस से राहत दिलाई। स्वर्णनगरी में सुबह से ही आसमान बादलों से घिरा रहा और बारिश होने के आसार बने। इस बार बादलों ने इस बार स्थानीय बाशिंदों को निराश नहीं किया। कभी धीरे तो कभी तेज गति से रुक-रुककर बारिश का दौर दोपहर तक चलता रहा। स्थानीय बाशिंदों ने नहाने का लुत्फ उठाया। शहर के गोपा चौक, गड़ीसर मार्ग, आसनी रोड, सदर बाजार, जिंदनी चौक, कचहरी रोड, गांधी चौक, हनुमान चौराहा सहित गली-मोहल्ले पानी से तरबतर हो गए। सम मार्ग, आफिसर्स चौराहा, कलक्ट्रेट मार्ग सहित कई निचले हिस्सों में पानी जमा हो गया। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी जमकर बादल बरसे। मोहनगढ़ कस्बे में बारिश के दौरान बच्चों ने नहाने का आनंद लिया। पोकरण क्षेत्र में भी मौसम ने करवट ली। अलसुबह 4:30 बजे शुरू हुआ बारिश का दौर रुक-रुककर जारी रहा। बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया। जिला मुख्यालय के समीप चांधन कस्बे में भी बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। रामगढ़ कस्बे में दोपहर 2 बजे शुरू हुआ रिमझिम बारिश का दौर आधे घंटे तक चला। बारिश के कारण कस्बे की सड़कों पर पानी बहने लगा तथा गली-मोहल्लों में पानी जमा हो गया। उधर, नाचना क्षेत्र के साकडिय़ा गांव के पास मंगलियों की ढाणी में मकान पर लगे बिजली के मीटर पर आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आए दो बच्चे वह एक बकरी झुलस गए। घायल बच्चों को नाचना अस्पताल लेकर आए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। उधर, लाठी कस्बे में हुई जोरदार बारिश के बाद दुकानों के आगे पानी जमा हो गया, जिसे निकालने में दुकानदारों को मशक्कत करनी पड़ी। उधर, आशायच, बडोड़ा गांव, डाबला सहित आसपास के इलाकों में बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे।