
पोकरण. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआइ की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या -125 से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या -11 तक कस्बे के पूर्व से दक्षिण होते हुए पश्चिम तक बायपास सड़क का निर्माण करवाए जाने के बावजूद कई बड़े वाहन कस्बे के अंदर से होकर गुजरते है। यही नहीं कस्बे में दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध भी है, लेकिन वाहनों की आवाजाही बदस्तूर जारी है। जिससे न केवल कस्बे की यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है, बल्कि यहां दुर्घटना का भी खतरा बढ़ गया है। गौरतलब है कि पूर्व में बायपास सड़क मार्ग नहीं होने के कारण जोधपुर रोड से जैसलमेर व रामदेवरा जाने वाले सभी छोटे व बड़े वाहन कस्बे के अंदर से वाया जयनारायण व्यास सर्किल होते हुए निकलते थे। ऐसे में कस्बे के मुख्य मार्गों पर आए दिन जाम लग जाने से यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती थी और राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती थी। इसी को लेकर एनएचएआई की ओर से जोधपुर रोड से वाया पाउपाडिया, खींवज, आशापुरा होते हुए सांकड़ा फांटा व जैसलमेर रोड तक बायपास सड़क मार्ग का निर्माण करवाया गया, लेकिन पुलिस व प्रशासन की अनदेखी केे चलते आज भी बजरी, पत्थर, सीमेंट, डामर, कंकरीट, ग्रेवल व अन्य सामान से भरे मालवाहक भारी वाहन और रामदेवरा आने वाले श्रद्धालुओं से भरे मालवाहक वाहन कस्बे के अंदर से वाया जयनारायण व्यास सर्किल होकर निकलते है। जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
कस्बे में बढ़ते वाहनभार और भारी वाहनों से कई बार हो चुके हादसों के बाद यातायात पुलिस की ओर से सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी प्रकार पुलिस व परिवहन विभाग की ओर से वर्ष में दो-तीन बार सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर व अन्य दिनों में भी वाहन चालकों को यातायात नियमों, मोटरयान अधिनियम की जानकारी दी जाती है। अभियान के दौरान तो नियमों का उल्लंघन करने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई भी की जाती है, लेकिन अभियान समाप्त होने के बाद स्थिति पुन: जस की तस हो जाती है। बड़े वाहन धड़ल्ले से पोकरण कस्बे के अंदर से होकर गुजरते है। जिससे यातायात व्यवस्था लडख़ड़ा रही है।
- जैसलमेर रोड पर शक्तिस्थल से कस्बे की तरफ
- जोधपुर रोड पर फलसूंड तिराहे से कस्बे की तरफ
- बाड़मेर रोड पर खींवज माता मंदिर से कस्बे की तरफ
- जयनारायण व्यास सर्किल से गांधी चौक जाने वाली सड़क
- व्यास सर्किल से स्टेशन रोड जाने वाली सड़क
सामान्य दिनों में भारी वाहनों के कस्बे के प्रवेश निषेध क्षेत्र में प्रवेश से मुख्य मार्गों पर वाहन भार बढ़ जाता है। कई बार मालवाहक वाहन सड़क के किनारे खड़े कर चालक के इधर उधर हो जाने से यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है। विशेष रूप से त्यौहारों के दिनों में दुकानदार अपना सामान बेचने के लिए मुख्य मार्गों पर जमा देते है। जिससे सड़क मार्ग संकरे हो जाते है। साथ ही हाथ ठेले भी खड़े हो जाते है। ऐसे में मालवाहक, छोटे बड़े वाहन आदि भी नो-एंट्री एरिया से गुजरने के दौरान कई बार मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति हो जाती है और लोगों को यातायात मेें परेशानी होती है।
- 100 से अधिक मालवाहक वाहन होते है संचालित
- 400 से अधिक है कारें व अन्य छोटे वाहन
- 300 से अधिक है कस्बे में थ्री-व्हीलर टैक्सियां
- 100 से अधिक ट्रैक्टर, जेसीबी, क्रेन आदि वाहन है कस्बे में
कस्बे में दिन में भारी व मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। यदि कोई वाहन अंदर आता है तो कार्रवाई की जाती है। श्रद्धालुओं के वाहन अंदर आ जाते है। जिन्हें बायपास के उपयोग के लिए पाबंद किया जाता है, लेकिन बाहरी होने से नियमों से अनजान है। ऐसे वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
- सवाईसिंह तंवर, प्रभारी यातायात पुलिस, पोकरण