जैसलमेर

जन एजेंडा बैठक : शहरवासियों ने रखे विचार,विकास करना है तो जन एजेंडा लागू करना ही होगा

विकास करना है तो जन एजेंडा लागू करना ही होगा -गीता आश्रम में आयोजित हुई जन एजेंडा की बैठक
2 min read
Nov 16, 2018
jaisalmer
जन एजेंडा बैठक : शहरवासियों ने रखे विचार,विकास करना है तो जन एजेंडा लागू करना ही होगा

जैसलमेर. जन एजेंडा को आने वाले विधानसभा चुनावों में राजनीतिक पार्टियां न केवल अपनाए बल्कि उसे आधार बनाकर आगे बढ़े क्योंकि इसें विधानसभा क्षेत्र की सभी समस्याओं को जगह मिल गई है। इसके दस बिंदुओं में गागर में सागर समा गया है।यह बात शुक्रवार को जैसलमेर के गीता आश्रम में पत्रिका की ओर से जन एजेंडा पर चर्चा के दौरान उपस्थित प्रबुद्धजनों ने कही। चर्चा में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और जन एजेंडा के बिंदुओं पर विस्तार से विचार विमर्श किया।
ये मुद्दे खास तौर पर छाए
चर्चा में जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की समस्या पर बेबाकी से राय रखते हुए संभागियों ने कहा कि आज भी जिले के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों की आबादी को पीने के लिए खारे व फ्लोराइडयुक्त पानी ही मिल रहा है। ऐसे ही चिकित्सा के क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव के कारण मरीजों को उपचार के लिए बाहरी शहरों में जाने की मजबूरी, उच्च शिक्षा के लिए जिले के विद्यार्थियों को जैसलमेर में सुविधा नहीं मिलने, जिले को अनुपात से कम नहरी पानी मुहैया करवाने पर गहनता से मंथन हुआ। पर्यटन को जैसलमेर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों से सरकार और प्रशासन इसे बढ़ावा देने के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं कर रहा। यही वजह है कि जैसलमेर की ऐतिहासिक विरासतों का प्रभावी संरक्षण नहीं हो रहा तथा साफ-सफाई के मोर्चे पर जैसलमेर फिसड्डी बना हुआ है।
इन पर भी हुई चर्चा
जन एजेंडा बैठक में पर्यटन तथा सामरिक दृष्टिकोण से अहम जैसलमेर को लम्बी दूरी की ज्यादा ट्रेनों की जरूरत पर बल दिया गया। चर्चा में भाग लेते हुए सदस्यों ने इस बात पर अफसोस जाहिर किया कि सोनू-हमीरा रेल लाइन का कार्य बहुत धीमी रफ्तार से चल रहा है, वहीं जैसलमेर-भाभर रेल लाइन बिछाने की घोषणा महज कागजी साबित हुई है। इस दिशा में धरातल पर कदम उठाने की आवष्यकता पर बल दिया गया। जैसलमेर में अतिक्रमणों की विकट हो रही समस्या पर प्रशासन व नगरपरिषद की ओर से ध्यान नहीं दिए जाने पर अफसोस का इजहार करते हुए संभागियों ने कहा कि इससे अवैध कब्जे करने वाले तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
दिलाया गया वोट का संकल्प
बैठक में उपस्थित जनों को वोट का संकल्प दिलाया गया। जिसमें आगामी चुनाव में स्वयं मतदान करने और अन्य को भी प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। चर्चा में कैलाश व्यास, चन्द्रशेखर थानवी, शरद व्यास, गजेंद्र कुमार शर्मा, विनोद डांगरा, अजयसिंह राहड़, राजेन्द्र कुमार व्यास, पोकरदास, मनीष रूपसी, युधिष्ठिर, धर्मेन्द्र बारूपाल, पंकज केवलिया, रायधन गोगली, दिनेश आदि ने उत्साह के साथ भागीदारी की।

Published on:
16 Nov 2018 07:51 pm