जैसलमेर

प्रदेश में सर्वाधिक : स्वर्णनगरी में अंगारे बरसे, 48 पर पहुंचा तापमान, पारे के आगे सभी हारे

स्वर्णनगरी सहित जिले भर में गर्मी अब सितम ढा रही है।
2 min read
May 23, 2025
Feature image

स्वर्णनगरी सहित जिले भर में गर्मी अब सितम ढा रही है। शुक्रवार को आसमान से मानो धूप की बजाय अंगारे बरसे। शुक्रवार को प्रदेश भर में जैसलमेर का तापमान सर्वाधिक दर्ज किया गया। तापमापी पारा इस सीजन में पहली बार 48 डिग्री के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। गर्मी की मार ऐसी कि, जो भी घर से बाहर निकला, उसे झुलस जाने का अहसास हुआ। मुख्य सडक़ें व चौक-चौराहे दोपहर और उसके बाद सुनसान नजर आए। पंखों से भी गर्म हवा के थपेड़े ही लगे। कूलर तक बेअसर हो गए। आग बरसाते सूरज के तेवर शाम 6 बजे तक लगातार एक समान ही बने रहे। मौसम विभाग की ओर से दिए गए रेड अलर्ट के मुताबिक ही गर्मी के तेवर अग्रिधर्मी बने हुए रहे। इस साल में यह गर्मी का उच्चतम स्तर रहा। आगामी दिनों में भी भीषण गर्मी से निजात मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 48.0 और न्यूनतम 28.0 डिग्री सै. रिकॉर्ड किया, जो एक दिन पहले गुरुवार को क्रमश: 46.0 व 27.8 रहा था। इस तरह से पारे ने एक दिन में 2 डिग्री की ऊंची छलांग लगाई।

लू के हमले से हैरान लोग

शुक्रवार को सुबह 11 बजे से ही लू का प्रहार शुरू हो गया। उसके बाद से सडक़ों पर निकले लोगों को खुले अंगों पर गर्म हवा ऐसे महसूस हुई, मानो शरीर पर किसी ने गरम मिट्टी उछाल दी हो। दुपहिया वाहन चालकों के लिए सीट पर बैठने से लेकर हैंडल तक पकडऩा मुश्किल हो रहा था। बड़ी संख्या में लोग आंखों को छोड़ कर अपने सिर व चेहरे तक को ढंके हुए रहे। ज्यादातर लोगों ने गर्मी के रौद्र रूप को महसूस कर घरों में कैद रहने में ही भलाई समझी। सडक़ों पर पुन: 6.30-7 बजे के बाद ही कुछ रौनक लौटी। गर्म हवा के झोंके रात तक महसूस होते रहे। केवल शीतल पेय पदार्थों से ही उन्हें थोड़ी देर के लिए राहत मिली।

गत वर्षों में जैसलमेर के सबसे गर्म दिन

  • 3 जून 1991 : 49.2 डिग्री
  • 19 मई 2016 : 49.0 डिग्री
  • 7 जून 2011 : 48.7 डिग्री
  • 27 मई 2024 : 48.7 डिग्री
  • 26 मई 2024 : 48.5 डिग्री
  • 24 मई 2024 : 48.3 डिग्री
  • 25 मई 2024 : 48.0 डिग्री
  • 19 जून 1992 : 48.1 डिग्री
Published on:
23 May 2025 09:01 pm