13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महिला स्कूटी रैली से जैसलमेर में गूंजा नशामुक्ति का सशक्त संदेश

राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूरचंद्र कुलिश की जन्मशती के अवसर पर जैसलमेर में नशामुक्ति जन-जागरण को लेकर महिला स्कूटी रैली और जागरुकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।

2 min read
Google source verification

राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूरचंद्र कुलिश की जन्मशती के अवसर पर जैसलमेर में नशामुक्ति जन-जागरण को लेकर महिला स्कूटी रैली और जागरुकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के प्रति चेतना जागृत करना और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। सीएमएचओ कार्यालय परिसर से प्रारंभ हुई रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार पालीवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं स्कूटी पर सवार होकर शामिल हुईं। सबसे आगे स्कूटी पर सवार महिलाओं ने रैली का नेतृत्व किया, जबकि उनके पीछे प्रतिभागी नशामुक्ति से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर जागरूकता नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जनजागरण का संदेश देती रही। रैली डेडानसर मार्ग, गीता आश्रम चौराहा, हनुमान चौराहा और गफूर भट्टा क्षेत्र से होकर गुजरी तथा अंत में पुन: सीएमएचओ कार्यालय परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई।

नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो…

इस दौरान नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, स्वस्थ समाज, नशा मुक्त समाज… जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार पालीवाल ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी घातक सिद्ध होता है। युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है, इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।

नशे से दूर रहकर युवा जीवन को दें सकारात्मक

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दें। समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के अभियान निरंतर चलाए जाने चाहिए, जिससे नई पीढ़ी में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित हो सके। कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक उमेश आचार्य, एएनएम टीचिंग कॉलेज के प्राचार्य लोकेश कुमार डिग्रवाल और एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र की वार्डन पूजा कुमारी उपस्थित रहे। आयोजन में सुखदेव शर्मा, पंकज आचार्य, सुधांशु कल्ला, विश्वजीत व्यास, महेन्द्र कुमार भोपत, यशवंत व्यास और विपिन जगाणी सहित कई लोगों ने सहयोग दिया।