
पोकरण सहित ग्रामीण क्षेत्रों में होली पर्व
पोकरण. अन्याय पर न्याय तथा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रंगो का त्यौहार होली पोकरण कस्बे सहित आसपास के गांवों में हर्षोल्लास व परंपरागतरूप से मनाया गया। गुरुवार शाम लोगों ने जगह जगह अपने मोहल्लों में परंपरानुसार होली का दहन तथा शुक्रवार को धुलंडी के अवसर पर परंपरानुसार गेरें निकालकर एक दूसरे पर रंग, अबीर, गुलाल डालकर होली की शुभकामनाएं दी। होली का दहन गुरुवार की शाम सात बजे किया गया। कस्बे के गांधी चौक स्थित मुख्य होली का परंपरा के अनुसार पोकरण ठिकाणे के पूर्व जागिरदारों की ओर से किया जाता है। जिसमें परमविजयसिंह ने आचार्य पंडित हरिकिशन बिस्सा के सानिध्य में विधि विधान व मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया व होलिका दहन किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष आनंदीलाल गुचिया, भगवतसिंह चंपावत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इसके बाद कस्बे के विभिन्न मोहल्लों व समाजों के गवाड़ों में स्थित होली दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लोगों ने चंग व ढोल की थाप पर होली के भजन गाकर खुशी का इजहार किया। शुक्रवार को धुलंडी के अवसर पर परंपरानुसार विभिन्न समाजों ने अपने समाज व मोहल्लों में गेरें निकाली। शुक्रवार को सुबह से ही मोहल्लों में छोटे बच्चों व युवकों की टोलियां हाथों में पिचकारी व रंग लेकर निकल पड़ी तथा दोपहर तक होली का हुड़दंग जारी रहा। लोगों ने एक दूसरे पर रंग डालकर होली का जमकर आनंद लिया। शुक्रवार को दिनभर कस्बे के बाजार बंद रहे तथा लोगों ने एक दूसरे को घर-घर जाकर व गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दी। धुलण्डी के अवसर पर कस्बे के मुख्य बाजार गांधी चौक में युवाओं की जमघट नजर आई। लोगों ने एक दूसरे को गुलाल व रंग लगाकर होली की बधाई दी। इस दौरान यहां कपड़ा फाड़ होली मनाई गई। जिसमें युवकों ने एक दूसरे के कपड़े फाड़े। जिसके चलते कई लोग अर्धनग्न अवस्था में ही घर की तरफ गए।
रामदेवरा. रंगों का पावन त्यौहार होली गांव में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गुलाल, अबीर से होली खेलकर एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। ग्रामीणों ने एक दूसरे पर गुलाल व अबीर डालकर होली मनाई। इसी प्रकार होटलों व धर्मशालाओं में ठहरे श्रद्धालुओं ने भी अबीर व गुलाल से होली खेलकर एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व गुरुवार की शाम रावसर तालाब के पास होलिका दहन परंपरागत तरीके से किया गया। शुक्रवार को युवाओं ने अलग-अलग समूह बनाकर एक दूसरे पर अबीर व गुलाल डालकर होली का आनंद लिया। युवाओं ने एक दूसरे के कपड़े फाडकऱ कपड़ा फाड़ होली मनाई। हरियाणा व पंजाब से आए श्रद्धालुओं ने भी मंदिर के आगे जमकर होली खेली। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया। लोगों ने सांप्रदायिक एकता व सद्भाव का परिचय देकर होली का पर्व मनाया।
फलसूण्ड. रंगों का त्यौहार होली फलसूण्ड गांव व आसपास के क्षेत्र में गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांव में जगह जगह मोहल्लों में होलिका दहन किया गया व शुक्रवार को गांव में परंपरानुसार जगह जगह रेवाणों का आयोजन कर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी गई। इसी प्रकार पहली संतान प्राप्ति के अवसर पर उन परिवारों में रीति रिवाज के अनुसार बच्चों की ढूंढ कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। जहां बच्चों के ननिहाल पक्ष द्वारा नए कपड़े, मिठाईयां, गहने व खिलौने आदि उपहार स्वरूप दिए गए। धुलंडी के अवसर पर लोगों ने एक दूसरे पर अबीर गुलाल डालकर शुभकामनाएं दी।
नोख. गांव सहित आसपास क्षेत्र में होली का पर्व मनाया गया। गुरुवार शाम को गोंगासर कुंए व राउमावि मैदान के पास विधि विधान के साथ होलिका का दहन किया गया। ग्रामीणों ने चंग की थाप पर फाग व भजन गाए। शुक्रवार को धुलंडी के अवसर पर लोगों ने एक दूसरे को रंग व गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।
सांकड़ा. गांव सहित आसपास क्षेत्र में होली का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांव के आदर्श विद्या मंदिर के पास सार्वजनिक मैदान में गुरुवार की शाम होलिका दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार को परंपरानुसार सुबह से दोपहर तक लोगों ने होली खेली तथा गुलाल व रंग डालकर एक दूसरे को बधाई दी। इसके बाद लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर होली की शुभकामनाएं दी। चांधन क्षेत्र में होली व धुलण्डी का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र में होलिका दहन के पश्चात् लोगों ने एक-दूसरे के रंग गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। रातभर फाग व चंग के साथ होली खेली गई। क्षेत्र के ग्रामीण आंचल में बुजुर्गों, युवाओं, बालकों ने फाग गीत चंग बजाकर होली पर्व का लुत्फ उठाया। धुलण्डी के दिन लोग रंग मे रंगे नजर आए। दिनभर होली पर्व की बधाइयां व शुभकामनाएं देते काफी उत्साहित नजर आए।