जैसलमेर

माजीसा धाम में बिखरे फाग के रंग, फूलों और गुलाल से खेली होली

राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूरचन्द्र कुलिश के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में सोमवार को कस्बे में फाल्गुनी बयार के बीच आध्यात्मिक उल्लास देखने को मिला।

less than 1 minute read
Feb 23, 2026

राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूरचन्द्र कुलिश के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में सोमवार को कस्बे में फाल्गुनी बयार के बीच आध्यात्मिक उल्लास देखने को मिला।

कस्बे के खत्रियों की गली स्थित माजीसा धाम में फागोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान भजनों की सरिता बही और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने जमकर होली खेली। गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका के संस्थापक कर्पूरचन्द्र कुलिश के जन्म शताब्दी वर्ष को लेकर पूरे प्रदेश में विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी के अंतर्गत कस्बे में भी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए इस फागोत्सव को कुलिश की स्मृतियों से जोड़ा गया।

भजनों का गायन, हुई पुष्पवर्षा

फाल्गुन माह की मस्ती और भक्ति के संगम के बीच सोमवार को माजीसा धाम का दरबार गूंज उठा। गोवद्र्धन महिला मंडल की अध्यक्ष शांति पुरोहित के सानिध्य में आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में जुटी महिला श्रद्धालुओं ने परंपरागत होली के गीतों और माजीसा के भजनों पर नृत्य किया। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा कर पुष्प होली मनाई। देखते ही देखते पूरा परिसर विभिन्न रंगों के गुलाल और फूलों की खुशबू से सराबोर हो गया। शाम 7 बजे आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। पुजारी कैलाश पुरोहित ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

होली तक कार्यक्रम रहेंगे जारी

कस्बे के मंदिरों में फाल्गुन उत्सव की परंपरा पुरानी है। प्रतिवर्ष फाल्गुन माह में महिलाओं की ओर से विभिन्न मंदिरों में सत्संग किया जाता है। इस दौरान पुष्पों व गुलाल से होली खेली जाती है। यह क्रम होली तक जारी रहेगा और कस्बे के प्रमुख मंदिरों में आयोजन होगा।

Updated on:
23 Feb 2026 08:09 pm
Published on:
23 Feb 2026 08:08 pm
Also Read
View All

अगली खबर