जैसलमेर

मौसम ने दिखाए कई रंग: जैसलमेर में उमस, पोकरण-रामगढ़ में आंधी और नाचना में रिमझिम बरसात

सीमांत जैसलमेर जिले में भीषण गर्मी के बाद मौसम में आए परिवर्तन ने रविवार को अलग-अलग रंग दिखाए। एक तरफ जैसलमेर मुख्यालय पर उमस और चिपचिपाहट भरी गर्मी का दौर जारी रहा तो दूसरी ओर पोकरण व रामगढ़ में धूल भरी आंधी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया।
2 min read
May 31, 2026
pokaran photo
पोकरण. शाम को चली तेज आंधी। पत्रिका

सीमांत जैसलमेर जिले में भीषण गर्मी के बाद मौसम में आए परिवर्तन ने रविवार को अलग-अलग रंग दिखाए। एक तरफ जैसलमेर मुख्यालय पर उमस और चिपचिपाहट भरी गर्मी का दौर जारी रहा तो दूसरी ओर पोकरण व रामगढ़ में धूल भरी आंधी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। नहरी क्षेत्र नाचना में रिमझिम बारिश ने ग्रामीणों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। मौसम विभाग के अनुसार जैसलमेर में दिन का अधिकतम तापमान 41.5 और न्यूनतम 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह एक दिन पहले शनिवार को क्रमश: 41.4 व 27.5 डिग्री रहा था। जैसलमेर में दिन भर हवाओं का दौर भी रहा लेकिन उससे भी उमस में कमी नहीं आई और लोग पसीने में भीगने को विवश रहे। कूलर और पंखें भी लोगों को राहत दिलाने में नाकाम रहे। दिन भर आकाश में धूल की गर्द छाई रही। आगामी दिनों में भी शहर का मौसम इसी तर्ज पर रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

पोकरण क्षेत्र में तेज तूफानी अंधड़

पोकरण क्षेत्र में रविवार को दिन भर की गर्मी के बाद शाम को आंधी चली। शनिवार को तेज आंधी व बवंडर चलने के बाद पूरी रात तेज हवा चली, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। रविवार को सुबह सूर्य की तेज किरणें निकली और भीषण गर्मी से आमजन का बेहाल हुआ। दोपहर में आसमान में बादल छा जाने से तापमान में कुछ गिरावट हुई। शाम करीब 5 बजे बाद तेज आंधी चलने लगी। जिससे जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। करीब आधे घंटे तक आंधी का दौर चला, जिससे तापमान में गिरावट हुई और गर्मी से राहत मिली। आंधी से रेत की परत जमा हो जाने से सफाई को लेकर लोगों व गृहणियों को मशक्कत करनी पड़ी। साथ ही वाहन चालकों को भी परेशानी हुई।

किसानों में मचा हड़कंप

लाठी क्षेत्र में रविवार शाम आए तेज तूफानी अंधड़ ने तबाही मचाई। तूफानी हवाओं ने लाठी कस्बे में सत्यनारायण पालीवाल के नलकूप पर स्थित 90 फीट ऊंचे बिजली का हाइटेंशन टॉवर गिरा दिया। हादसे के दौरान नलकूप पर मौजूद किसानों में हड़कंप मच गया।गनीमत रही कि हादसे के किसी भी प्रकार कि जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 6 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। कुछ ही देर में लाठी क्षेत्र में धूलभरी व तूफानी हवाओं में समा गया। कुछ ही देर में तेज तूफानी हवाओं ने क्षेत्र में तबाही मचा दी। चारों ओर डरावना मंजर था। इस दौरान लाठी कस्बे के पास स्थित सत्यनारायण पालीवाल के नलकूप पर लगा 1 लाख 32 हजार वोल्टेज की राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड कि लाइन का करीब 90 फीट ऊंचा टॉवर इस तूफान को नहीं झेल पाया और धराशायी हो गया। घटनाक्रम के दौरान नलकूप पर मौजूद किसानों में हड़कंप मच गया। किसानों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान किसी भी प्रकार कि जनहानि नहीं हुई। ऐसे में एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

Updated on:
31 May 2026 09:51 pm
Published on:
31 May 2026 09:51 pm