जैसलमेर

युवाओं को समझाया कौशल प्रशिक्षण का महत्व

- शिविर में दी रोजगारोन्नमुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी
2 min read
Dec 28, 2018
jaisalmer
युवाओं को समझाया कौशल प्रशिक्षण का महत्व

पोकरण. राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन व सैंटर फॉर टेक्निकल सपोर्ट सीपेट की ओर से स्थानीय नगरपालिका सभागार में एक दिवसीय कौशल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आगाज नगरपालिका अध्यक्ष आनंदीलाल गुचिया ने किया। अधिशासी अधिकारी जोधाराम विश्रोई की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में मिशन के जिला प्रबंधक ललितकुमार लोढ़ा ने योजना के ईएसटीपी घटक के तहत सेंटर इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी जयपुर के माध्यम से नि:शुल्क आवासीय रोजगारोन्नमुख प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। शिविर में कौशल प्रशिक्षण शिविर के लिए 117 अभ्यर्थियों का पंजीयन किया गया। जिन्हें शहरी आजीविका मिशन से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गई। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग की निदेशक रीतु जैन, गर्गनप्रीत कौर एवं बृजलाल मीणा ने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के महत्व एवं विभिन्न प्रशिक्षणों के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें प्रशिक्षण लेकर रोजगार प्राप्त करने की बात कही। जिला प्रबंधक लोढ़ा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
किया संस्थानों का भ्रमण
मिनीस्ट्री ऑफ स्किल डवलपमेंट और एंटरप्रेन्योरशिप विभाग के अधिकारियों ने कस्बे की विभिन्न संस्थाओं का भ्रमण किया और ट्रेड की सार्थकता पर चर्चा की। निदेशक रीतू जैन, प्रशिक्षण के मुख्य निदेशक आरसी मीणा, एनएसडीसी के स्वछंद ने पोकरण में कौशल विकास केन्द्र के लालसिंह शेखावत के साथ सरकारी व निजी आईटीआई संस्थानों का भ्रमण किया। उन्होंने संस्थानों का निरीक्षण कर यहां चल रहे ट्रेड, प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक युवतियों की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश देते हुए ट्रेड की सार्थकता पर चर्चा की।

4 ग्राम पंचायतों में होगी रात्रि चौपाल
जैसलमेर. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जन समस्याओं के ग्राम पंचायत स्तर पर निराकरण करने के लिए जिला कलक्टर नमित मेहता जनवरी माह में 4 ग्राम पंचायतों में रात्रि चौपाल का आयोजन करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार जिला कलक्टर मेहता 4 जनवरी को ग्राम पंचायत राजमथाई में रात्रि चौपाल करेंगे। इसी प्रकार 11 जनवरी को ग्राम पंचायत नोख, 18 जनवरी को ग्राम पंचायत केलावा, 25 जनवरी को ग्राम पंचायत कोटडी में रात्रि चौपाल का आयोजन करेंगे और पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनकर उनका समाधान करेंगे। इस दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्र मे संचालित विभिन्न राहत गतिविधियों, विकास योजनाओं व कार्यो का निरीक्षण करेगें। जिला कलक्टर मेहता ने जिला स्तरीय अधिकारियों को संबंधित ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ तथा पंचायत कलस्टर के लिए नियुक्त एडोप्टर्स को निर्देशित किया है कि वे इस दौरान उपस्थित रहेंगे।

Published on:
28 Dec 2018 06:12 pm