जैसलमेर सदर थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर से ऑयल चुराने के आरोपियों के वाहन को फिल्मी अंदाज में पीछा करने के बाद टक्कर मार कर रुकवाया और उन्हें दबोचने में कामयाबी हासिल की।
जैसलमेर सदर थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर से ऑयल चुराने के आरोपियों के वाहन को फिल्मी अंदाज में पीछा करने के बाद टक्कर मार कर रुकवाया और उन्हें दबोचने में कामयाबी हासिल की। इससे पहले तेल चुराने के तीन आरोपियों ने कैंपर से नाकाबंदी तोड़ दी। उन्होंने चेकिंग पॉइंट पर खड़ी 3 गाडिय़ों को अपने वाहन से टक्कर मारी।
नाकाबंदी तोडकऱ भाग रहे आरोपियों का सदर पुलिस ने पीछा किया और करीब 50 किलोमीटर वाहन दौड़ाने के बाद अपनी कैंपर से आरोपियों के वाहन को टक्कर मारकर रुकने को मजबूर कर दिया। यह समूचा मामला जैसलमेर सदर थाना क्षेत्र के थईयात फांटा पर बुधवार दोपहर का है। इस दौरान 2 वकील घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सदर थाना प्रभारी प्रेमदान रतनू ने बताया कि इस मामले में आरोपी लादेन और उसके 2 साथियों को गिरफ्तार किया है। तीनों से पूछताछ जारी है। रतनू ने बताया कि पुलिस की अपराधियों के प्रति जीरो टोलरेंस की नीति है और उसी के अनुरूप बुधवार को कार्रवाई की गई।
पुलिस को बुधवार दोपहर सूचना मिली कि कुछ लोग लाठी थाना क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी कर जैसलमेर की तरफ आ रहे हैं। उनके पीछे लाठी थाना इलाके से पुलिस लगी हुई थी। सदर पुलिस ने थईयात फांटा पर नाकाबंदी की। फांटा पर कई वाहन रुके हुए थे। दोपहर करीब 1 बजे संदिग्ध वाहन तेज गति से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोडऩे के चक्कर में चोरों ने वहां खड़ी गाडिय़ों को टक्कर मारनी शुरू कर दी। इससे वहां खड़े 3 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में 2 वकीलों को मामूली चोटें आई। आरोपी रुके नहीं और गाड़ी को भगा ले गए। सदर पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया। पुलिस ने अगली नाकाबंदी पर आरोपियों के वाहन को टक्कर मारकर रुकवाया।