
लाठी (जैसलमेर). क्षेत्र में भीषण अकाल के चलते गहराते पेयजल और चारे के संकट का असर अब बेजुबान पशुओं की जिंदगी पर भी भारी पड़ने लगा है। पानी की तलाश में तालाबों तक पहुंच रहा गोवंश वहां मौजूद दलदल में फंसकर जान गंवा रहा है। सोढाकोर स्थित बडिया तालाब और गंगाराम की ढाणी के पास बय नाडी में दलदल में धंसने से दो गोवंश की मौत हो गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गोभक्तों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत और क्रेन की सहायता से दोनों पशुओं के शव दलदल से बाहर निकाले जा सके।
सोमवार रात पानी पीने के लिए गोवंश का झुंड सोढाकोर स्थित बडिया तालाब और गंगाराम की ढाणी स्थित बय नाडी पहुंचा था। इसी दौरान दोनों जलस्रोतों में एक-एक गोवंश दलदल में धंस गया। दलदल से बाहर निकलने के लिए दोनों पशु रातभर संघर्ष करते रहे, लेकिन गहराई में धंसने के कारण बाहर नहीं निकल सके। आखिरकार दोनों की मौत हो गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर हिन्दू सिंह भाटी (सोढाकोर) और तूषार विश्नोई (धोलिया) सहित बड़ी संख्या में गोभक्त और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हालात को देखते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दलदल में फंसे पशुओं के शव निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई। करीब तीन घंटे तक चले संयुक्त प्रयासों के बाद दोनों शव बाहर निकाले जा सके।
क्षेत्र में दलदल में फंसकर गोवंश की मौत और घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। गत 7 नवंबर को खेतोलाई क्षेत्र के सिलोतरा तालाब में दलदल में फंसने से दो गोवंश की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। वहीं, 23 अक्टूबर को चांधन क्षेत्र के रूगेरी गांव के पास भोजराज सिंह की ढाणी स्थित तालाब में पांच गायें दलदल में फंस गई थीं। इससे पहले 21 अक्टूबर को भी इसी तालाब में एक दर्जन से अधिक गायें दलदल में धंस गई थीं। हालांकि, उस समय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी गायों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। लगातार सामने आ रहे इन हादसों के बावजूद तालाबों के आसपास फैले दलदल की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
क्षेत्र में पेयजल स्रोत सूखने और नियमित जलापूर्ति नहीं होने से गोवंश पानी की तलाश में दूर-दराज के तालाबों तक पहुंचने को मजबूर है। तालाबों में पानी के साथ मौजूद दलदली हिस्से पशुओं के लिए मौत का जाल बन रहे हैं। सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था नहीं होने और तालाबों के आसपास सुरक्षा इंतजामों के अभाव में बेजुबान पशुओं की जान पर संकट मंडरा रहा है।