india military record: भारतीय वायु सेना ने S-400 वायु रक्षा प्रणाली का आधिकारिक वीडियो जारी किया है। वीडियो में लंबी दूरी से दुश्मन के हवाई लक्ष्य को सटीकता से नष्ट करने की क्षमता दिखाई गई है। उन्नत रडार, मल्टी-रेंज मिसाइल और मोबाइल तैनाती जैसी विशेषताओं के कारण S-400 भारत की वायु सुरक्षा को मजबूत करने वाला प्रमुख कवच माना जा रहा है।
Jaisalmer News: भारतीय वायु सेना की ओर से गुरुवार को एक आधिकारिक वीडियो जारी किया गया है। इस वीडियो में एस-400 वायु रक्षा प्रणाली का दृश्य दिखाया गया है। इस रक्षा प्रणाली के जरिए भारत ने पाकिस्तान की सीमा में 300 किलोमीटर अंदर घुसकर दुश्मन के विमानों को मार गिराया था।
वायु शक्ति-2026 अभ्यास के पहले वीडियो जारी करना यह बताता है कि एस-400 अत्याधुनिक रडार और मिसाइल तकनीक से लैस है। वीडियो में दिखाए जा रहे कैप्शन में साफ लिखा है कि 'दुश्मन सीमा से दूर हो सकता है, पर नजरों से ओझल नहीं।'
रडार में नजर आता दुश्मन का विमान
एयरफोर्स द्वारा जारी वीडियो में ‘सुदर्शन’ (S-400) मिसाइल सिस्टम को आसमान में दहाड़ते हुए दुश्मन के लक्ष्य को बेहद सटीकता से निशाना बनाते दिखाया गया है। इस ऑपरेशन में सिस्टम ने इतनी लंबी दूरी से दुश्मन के विमान को मार गिराया, जिसे वैश्विक सैन्य इतिहास में एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।
जारी वीडियो में दिखाया गया है कि रडार की स्क्रीन लगातार लक्ष्य की स्थिति का रियल-टाइम अपडेट देती है। इसके बाद घने बादलों को चीरती मिसाइल सीधी टारगेट की ओर बढ़ती है और अगले ही पल आसमान में जोरदार विस्फोट दिखाई देता है। इसके बाद स्क्रीन पर एक संदेश दिखाई देता है- “Longest air kill ever recorded in military history”, सैन्य इतिहास में अब तक का सबसे लंबी दूरी का एयर किल।
ये भी पढ़ें