जैसलमेर. शारदीय नवरात्र की पूर्णाहुति के बाद मंगलवार को दशहरा पर्व पर स्वर्णनगरी में देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ नौ दिवसीय उत्सव का समापन हुआ। ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर पर सुबह से ही श्रद्धा और उत्साह का माहौल नजर आया। शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित देवी प्रतिमाओं को ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गई शोभायात्राओं के माध्यम से सरोवर तक लाया गया। इस दौरान माता के जयकारों, भक्ति गीतों और डीजे की धुनों से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। नवरात्र के दौरान गरबा कार्यक्रम आयोजित करने वाले आयोजकों ने देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शोभायात्राएं निकालीं। इनमें युवक-युवतियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्राओं में गुलाल उड़ाते और डांडिया नृत्य करते श्रद्धालु उत्साह के साथ आगे बढ़े। भक्ति गीतों पर थिरकते युवाओं और माता के जयकारों से उत्सव का उल्लास देखते ही बना।