- आधे घंटे तक लगाता रहा मदद की गुहार
पोकरण. कस्बे में जोधपुर रोड पर सोमवार को दोपहर बाद हुई एक हादसे में डेढ़ माह की मासूम की मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देचू निवासी ईश्वरराम एक बाइक से अपनी पत्नी लहरो व डेढ़ माह की मासूम माया के साथ अपने ससुराल पोकरण स्थित शिवपुरा आ रहा था। कस्बे में प्रवेश करने पर जोधपुर रोड पर सुंदरनगर कॉलोनी के पास उसकी पत्नी की साड़ी का पल्लू अचानक बाइक की चैन में फंस गया। इसके साथ उसकी पत्नी का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गई तथा उसकी गोद में बैठी डेढ़ माह की मासूम माया बाइक के दोनों पहियों, शॉकर के बीच चैन में फंस गई।
मानवता हुई शर्मसार
हादसे के बाद ईश्वर सड़क पर दौड़ता भागता चिल्लाता हुआ मदद की गुहार करने लगा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। लोग अपने वाहनों से गुजर रहे थे और सब कुछ देख रहे थे, लेकिन न तो किसी ने गाड़ी रोकी, न ही मदद की पेशकश की। ईश्वर ने बताया कि हादसे के बाद यहां से एक पुलिस की गाड़ी भी निकली। जिसे रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भी अपनी गाड़ी नहीं रोकी।
मिस्त्री को बुलवाकर मासूम को निकाला बाहर
हादसे के आधे घंटे के बाद जोधपुर रोड की तरफ से आ रहे एक युवक ने देखा, तो इसकी सूचना भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष बासितखां मेहर को दी। जिस पर बासित अपने मोटरसाइकिल रिपेयरिंग के वर्कशॉप से मिस्त्री लेकर मौके पर पहुंचा और 15-20 मिनट तक मशक्कत कर बाइक के शॉकर व पहिया खोलकर मासूम को बाहर निकाला। मासूम व घायल लेहरो को तत्काल राजकीय अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने मासूम माया को मृत घोषित कर दिया। जबकि लहरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी।