जैसलमेर

jaisalmer: प्रशासनिक और पुलिस अमले ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया

स्वर्णनगरी के प्रमुख पर्यटन केंद्र सोनार दुर्ग और गोपा चौक में अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन हरकत में आया है। राजस्थान पत्रिका में सांडों के हमले और पर्यटकों की सुरक्षा पर खतरे को उजागर करने वाली खबर प्रकाशित होने के बाद गुरुवार को प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात देखे। अधिकारियों ने पर्यटन सीजन के मद्देनजर स्वच्छंद विचरण करते पशुओं की धरपकड़ और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 8:45 PM IST
jaisalmer news
जैसलमेर. दुर्ग के प्रवेश द्वार के बाहर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारी।

जैसलमेर. शहर के ऐतिहासिक सोनार दुर्ग और उसके प्रवेश द्वार गोपा चौक में स्वच्छंद विचरण करते पशुओं व फैले कूड़ा करकट की समस्याओं का प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारियों ने गुरुवार को जायजा लिया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रोहित वर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों ने पहले गोपा चौक और उसके बाद सोनार दुर्ग का दौरा किया। गौरतलब है कि दो दिन पहले राजस्थान पत्रिका में ‘स्वर्णनगरी के पर्यटन द्वार पर सांडों का सितम, विदेशी मेहमान पर हमले से खुली पोल’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर गोपा चौक में पशुओं की मौजूदगी और सैलानियों के सुरक्षित आवागमन पर मंडरा रहे खतरे की तरफ ध्यान आकृष्ट करवाया था।

इसके बाद व्यवस्थाओं का जायजा लेने आए अधिकारियों को नगरपरिषद आयुक्त पवन कुमार ने बताया कि दुर्ग व उसके आसपास क्षेत्रों सहित शहर के प्रमुख स्थलों से स्वच्छंद घूमते पशुधन की धरपकड़ निरंतर ढंग से की जा रही है। रोहित कुमार ने पर्यटन सीजन के मद्देनजर और स्थानीय बाशिंदों की सुरक्षा व सुविधा का ध्यान रखते हुए व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस उपअधीक्षक रूपसिंह इंदा और शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्रोई भी उपस्थित थे।

रोड सेफ्टी शिविरेन 2.0: बसों के निरीक्षण पर हुई बैठक

जैसलमेर @ पत्रिका. राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से प्रवर्तित 'रालसा रोड सेफ्टी शिविरेन 2.0' के निर्देशों की अनुपालना में 19 नवंबर 2026 को एक महत्त्वपूर्ण बैठक हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ओमी पुरोहित के निर्देशन में सचिव ललित पुरोहित ने एडीआर सेंटर पर अधिकारियों संग चर्चा की। बैठक में वृत्ताधिकारी वृत्त जैसलमेर रूपसिंह ईंदा, मोटर वाहन उपनिरीक्षक अनिल कुमार व अक्षय कुमार, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी शामिल रहे। सचिव ने स्लीपर कोच, लग्जरी यात्री बसों, सिटी बसों और मिनी बसों के विधिपूर्वक निरीक्षण के विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन, पुलिस और जिला प्रशासन सहित संबंधित विभागों के समन्वय को आवश्यक बताया। सभी बस संचालकों से राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का हेल्पलाइन नंबर बसों में स्पष्ट और सुलभ स्थान पर प्रदर्शित करने की कार्यवाही पर भी चर्चा की गई, ताकि यात्री आसानी से इस सुविधा का उपयोग कर सकें।

Updated on:
19 Nov 2026, 8:45 PM IST
Published on: