जैसलमेर

Jaisalmer: गर्मी की छुट्टियों में यात्री दबाव के चलते रेलवे का निर्णय, जैसलमेर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन 27 जून को चलेगी

गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 27 जून को जैसलमेर से हावड़ा के लिए एकतरफा स्पेशल ट्रेन संचालित करने की घोषणा की है। यह विशेष ट्रेन राजस्थान और पूर्वी भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करेगी। ट्रेन मार्ग में राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
2 min read
Jun 25, 2026
jaisalmer railway station
jaisalmer railway station

जैसलमेर. गर्मी की छुट्टियों में रेलगाड़ियों में बढ़ते यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए जैसलमेर-हावड़ा (एकतरफा) स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय किया है। यह विशेष ट्रेन 27 जून को संचालित होगी और राजस्थान से पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि गाड़ी संख्या 04803, जैसलमेर-हावड़ा एकतरफा स्पेशल 27 जून को जैसलमेर से सुबह 8.15 बजे रवाना होगी। ट्रेन जोधपुर स्टेशन पर दोपहर 1.50 बजे पहुंचेगी तथा 2.30 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन सुबह 6.30 बजे हावड़ा पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन मार्ग में रामदेवरा, फलौदी, जोधपुर, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडरमा, पारसनाथ, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, वर्द्धमान तथा बैंडेल स्टेशनों पर ठहराव करेगी। विशेष ट्रेन में 8 स्लीपर, 6 जनरल श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बे लगाए जाएंगे।

रानीखेत एक्सप्रेस तीन दिन दिल्ली होकर नहीं आएगी

जैसलमेर. उत्तर रेलवे के दिल्ली यार्ड में चल रहे तकनीकी कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक के कारण काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15014) के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन आगामी 5 से 7 अगस्त तक परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएगी। इस अवधि में ट्रेन दिल्ली स्टेशन पर ठहराव नहीं करेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार तकनीकी कार्य के चलते रानीखेत एक्सप्रेस काठगोदाम से प्रस्थान करने पर अपने निर्धारित मार्ग के बजाय गाजियाबाद-नई दिल्ली-दिल्ली सराय मार्ग से संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इन तीन दिनों में ट्रेन का दिल्ली स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। यात्रियों को होने वाली संभावित असुविधा के लिए रेलवे ने खेद व्यक्त किया है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि यात्रा से पूर्व अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन से संपर्क कर सकेंगे।

मोडरडी शिविर: पट्टों से मिला अधिकार, पशु बीमा से संबल

जैसलमेर. राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत ग्राम पंचायत मोड़़रडी में आयोजित शिविर ग्रामीणों का माध्यम बनकर उभरा। शिविर प्रभारी मनवीरसिंह बैनीवाल, विकास अधिकारी पंचायत समिति सांकड़ा के नेतृत्व में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में दीपसिंह पुत्र शिवदानसिंह सहित अन्य ग्रामीणों को उनके अवासीय भूखंडों के पट्टे जारी किए गए। वे लंबे समय से इनकी स्वीकृति की प्रतीक्षा कर रहे थे। पट्टे मिलने से उनके चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। इसके अतिरिक्त, पशुपालकों को भी लाभ मिला। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत गुड्डी कंवर पत्नी ओमसिंह को उनकी गाय की आकस्मिक मृत्यु पर 27,000 रुपए की सहायता राशि दी गई। साथ ही 30 पशुपालकों को पशु बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं।

Published on:
25 Jun 2026 09:00 pm