जैसलमेर शहर में शुक्रवार को उस समय हड़कंपमच गया, जब क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई-मेल प्राप्त हुआ।
जैसलमेर शहर में शुक्रवार को उस समय हड़कंपमच गया, जब क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई-मेल प्राप्त हुआ। ई-मेल में दावा किया गया कि परिसर में दस जहरीले बम रखे गए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।- दो घंटे चले सर्च ऑपरेशन में नहीं मिला कोई संदिग्ध विस्फोटक सामग्री
सुबह करीब 11:20 बजे पासपोर्ट कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल आइडी पर यह धमकी भरा संदेश मिला। संदेश में आक्रामक भाषा का उपयोग करते हुए गंभीर विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही कार्यालय प्रबंधन ने तत्काल पुलिस और उच्चाधिकारियों को सूचित किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली करवाने के निर्देश जारी किए।
दोपहर 12:30 बजे तक पासपोर्ट कार्यालय को पूरी तरह खाली करा लिया गया। उसी परिसर में संचालित मुख्य डाकघर को भी एहतियातन बंद करवा दिया गया। कर्मचारियों और वहां मौजूद आवेदकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास के क्षेत्र में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस की टीम भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे परिसर को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से हर कोने की बारीकी से जांच की गई। करीब दो से तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान भवन के अंदर और आसपास के क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के संकेत नहीं मिले। गहन जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली और इस ईमेल को प्रारंभिक रूप से ‘हॉक्समेल’ करार दिया। इसके बावजूद मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी टीम को सक्रिय किया गया है। पुलिस अब उस आइपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी है, जहां से यह धमकी भरा ईमेल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की शांति भंग करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।