
India-Pakistan Border Suspicious Youth (Photo-AI)
Jaisalmer India-Pakistan Border Suspicious Youth: राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जैसलमेर जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुरुवार रात करीब 10 बजे नाचना थाना क्षेत्र के भारेवाला इलाके से एक 29 वर्षीय युवक को संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में हिरासत में लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक उत्तर प्रदेश के एक ऐसे टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा था, जिसमें भड़काऊ संदेश साझा किए जाते थे। इस पूरे मामले का खुलासा उत्तर प्रदेश पुलिस के इनपुट के बाद हुआ।
यूपी पुलिस एक ऐसे संदिग्ध टेलीग्राम ग्रुप की निगरानी कर रही थी, जिसमें कथित तौर पर देश विरोधी और भड़काऊ बातें साझा की जा रही थीं। इस ग्रुप के नेटवर्क के तार कश्मीर से लेकर राजस्थान तक फैले होने की सूचना मिली थी।
सूत्रों के अनुसार, यूपी पुलिस इस मामले में अब तक 4 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें दो कश्मीरी युवक भी शामिल हैं। इसी जांच की कड़ी में भारेवाला निवासी इस युवक का मोबाइल नंबर सामने आया, जिसके बाद राजस्थान पुलिस और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट किया गया।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान के अनुसार, वह मूल रूप से बीकानेर के लूणकरणसर का निवासी है और पिछले 10-12 वर्षों से भारेवाला क्षेत्र में खेती का काम कर रहा है। वह केवल 10वीं कक्षा तक पढ़ा है, लेकिन डिजिटल माध्यमों पर उसकी सक्रियता ने सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया है।
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती मोबाइल डेटा को लेकर है। सूत्रों का कहना है कि प्राथमिक जांच में मोबाइल से कोई खास जानकारी नहीं मिली है। एजेंसियों को शक है कि गिरफ्तारी की भनक लगते ही युवक ने महत्वपूर्ण डेटा डिलीट कर दिया है। अब फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से मोबाइल डेटा रिकवर करने की कोशिश की जा रही है।
शुक्रवार को विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां (IB, RAW और मिलिट्री इंटेलिजेंस) युवक से संयुक्त पूछताछ कर रही हैं। जांच का मुख्य केंद्र युवक के बैंक ट्रांजेक्शन, उसके विदेशी संपर्क और ग्रुप के अन्य सदस्यों के साथ हुई बातचीत पर है।
भारेवाला एक बेहद संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्र है। घटना के बाद पुलिस और BSF को हाई अलर्ट पर रखा गया है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या यह युवक किसी बड़े स्लीपर सेल का हिस्सा है या केवल भ्रामक प्रचार के जाल में फंसकर इस ग्रुप से जुड़ा था।
Updated on:
27 Mar 2026 12:13 pm
Published on:
27 Mar 2026 12:13 pm
