27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर के आलीशान विला में सजी थी ‘कैसीनो’ की महफिल, पुलिस पहुंची तो रसूखदारों ने दी धमकी, 16 लोग गिरफ्तार

Jaipur Gambling Racket: जयपुर आयुक्तालय की भांकरोटा थाना पुलिस और डीएसटी (पश्चिम) टीम ने गुरुवार को हाई-प्रोफाइल जुआ रैकेट का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से 16 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें 7 मुख्य आरोपी हैं।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Mar 27, 2026

Jaipur Luxury Villa Turns Illegal Casino Bets on 5 Percent Commission Influential Accused Threaten Police 16 Arrested

16 लोग गिरफ्तार (फोटो- पत्रिका)

Jaipur Gambling Racket: जयपुर: राजधानी के भांकरोटा थाना इलाके में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आलीशान विला में चल रहे हाई-प्रोफाइल जुआ रैकेट और कैसीनो का पर्दाफाश किया है। जयपुर आयुक्तालय की भांकरोटा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST पश्चिम) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से 16 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल और वाहन भी बरामद किए हैं। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि 'एम्प्रेस ग्रीन्स' स्थित विला नंबर 5 में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने पूरी तैयारी के साथ विला की घेराबंदी कर छापेमारी की।

मौके का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई। वहां कैसीनो की तर्ज पर ताश के पत्तों और प्लास्टिक कॉइन्स के जरिए लाखों का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मुस्तैद जाप्ते ने मुख्य आरोपियों को दबोच लिया।

5% कमीशन पर चलता था खेल

जांच में सामने आया कि इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड प्रदीप लालवानी और रोबिन हैं। ये दोनों आरोपी बेहद शातिराना तरीके से जुआ संचालित कर रहे थे। रैकेट का तरीका कुछ इस प्रकार था।

  • प्रत्येक खिलाड़ी से पहले नकद राशि ली जाती थी।
  • नकद के बदले उन्हें 500 रुपए की कीमत वाले प्लास्टिक कॉइन दिए जाते थे।
  • जुआ खिलवाने के बदले संचालक कुल राशि का 5 प्रतिशत कमीशन वसूलते थे।

बरामदगी और गिरफ्तारियां

पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से 5.82 लाख रुपए की नकदी, 27 हाई-एंड मोबाइल फोन और 1165 प्लास्टिक कॉइन जब्त किए हैं। इसके अलावा विला के बाहर खड़े करीब एक दर्जन वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपियों में शेखरलाल, अशोक कुमार, विक्रम सिंह, विनोद राणा, मोहित मेहता के साथ संचालक रोबिन और प्रदीप लालवानी शामिल हैं।

पुलिस से उलझना पड़ा भारी

कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने रसूख दिखाते हुए पुलिस जाप्ते से उलझने की कोशिश की और अधिकारियों को धमकियां दीं। इस पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्य में बाधा डालने और हंगामा करने वाले 9 अन्य व्यक्तियों (हर्षित राज, मोहित शर्मा, संजय सिंघानिया, शिवदास मीणा, अजय कुमार, जितेन्द्र चौधरी, विकास शर्मा, जुगल किशोर और अमित शर्मा) को भी गिरफ्तार कर लिया। भांकरोटा थाना पुलिस अब आरोपियों के पिछले रिकॉर्ड और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।