
एआई तस्वीर
Road Project In Rajasthan जयपुर। राजस्थान सरकार गांवों को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बदलाव लाने में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अहम भूमिका निभा रही है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण (पीएमजीएसवाई-चतुर्थ) के तहत वर्ष 2024-25 से 2028-29 तक देशभर में 62 हजार 500 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए कुल 70 हजार 125 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस चरण में 2011 की जनसंख्या के आधार पर अलग-थलग पड़ी बस्तियों को सड़क संपर्क उपलब्ध कराया जाएगा।
यह वीडियो भी देखें
राजस्थान के मरुस्थलीय और दूरस्थ गांवों को चौथे चरण में बड़ी सौगात मिली है। देशभर में अब तक स्वीकृत 4 हजार 795 सड़कों में से राजस्थान को 1 हजार 216 सड़कों की मंजूरी मिली है, जो अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक है। इसके तहत 15 हजार 401 किलोमीटर सड़क में से 3 हजार 219 किलोमीटर लंबी सड़कें राजस्थान के लिए स्वीकृत हुई हैं। इस मामले में राजस्थान जम्मू-कश्मीर के बाद देश में दूसरे स्थान पर है। प्रदेश के लिए 2 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है।
राजस्थान में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण में करीब 8 हजार 584 किलोमीटर लंबाई की 912 सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। इस चरण में मुख्य मार्गों और प्रमुख ग्रामीण संपर्क मार्गों के उन्नयन से कृषि मंडियों, उच्च माध्यमिक विद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंच आसान हुई है। ग्रामीण संपर्क को मजबूत आर्थिक नेटवर्क का रूप देने में यह चरण महत्वपूर्ण साबित हुआ है। केंद्र सरकार ने योजना की अवधि मार्च 2025 से बढ़ाकर मार्च 2028 तक करने की मंजूरी दी है। साथ ही योजना का संशोधित कुल वित्तीय परिव्यय 83 हजार 977 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2023 में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के विकास के लिए पीएम-जनमन योजना शुरू की थी। इसके तहत राजस्थान के बारां जिले के शाहबाद और किशनगंज ब्लॉक के सहरिया जनजाति बहुल क्षेत्रों में 43 किलोमीटर लंबाई की 14 सड़कों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इससे दूरस्थ जनजातीय बस्तियों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में योजना के चौथे चरण का शुभारंभ किया था। सर्वाधिक सड़क लंबाई पूर्ण करने की श्रेणी में राजस्थान को दूसरा स्थान मिला। वहीं गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजस्थान और तमिलनाडु को संयुक्त रूप से दूसरा स्थान दिया गया।
Updated on:
12 May 2026 06:39 pm
Published on:
12 May 2026 06:32 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
