
शिक्षकों को संबोधित करते पदाधिकारी। फोटो- पत्रिका
दौसा। राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक शिक्षक भवन में प्रदेशाध्यक्ष महावीर सिहाग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दौसा जिले के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया। बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। जिलाध्यक्ष कजोड़ मीणा ने बताया कि ग्रीष्म अवकाश में कटौती के विरोध में संगठन आंदोलन तेज करेगा।
इसके साथ ही समर्पित अवकाश के नगद भुगतान को बंद करने, कम नामांकन वाले विद्यालयों के मर्जर और आरजीएचएस योजना में स्वास्थ्य सेवाओं में कटौती का भी विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई मांगें लंबे समय से लंबित पड़ी हैं, लेकिन सरकार की ओर से समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। संगठन ने सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
बैठक में आगामी 24 और 25 मई 2026 को कोटा में आयोजित होने वाले प्रदेश महासमिति अधिवेशन को लेकर भी चर्चा की गई। अधिवेशन में प्रदेश कार्यकारिणी और महासमिति सदस्य भाग लेंगे। फैलीराम मीणा, रामकिशोर मीणा, रामकरण शर्मा और रामलाल डागुर सहित अन्य शिक्षकों ने भी अपने विचार रखे और आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
वहीं अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) ने भी शिक्षकों की मांगों का समाधान नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। संगठन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश में कटौती, स्थानांतरण, पदोन्नति, वेतन विसंगति और आरजीएचएस योजना सहित कई मुद्दों को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। संगठन का कहना है कि बार-बार ज्ञापन देने और मांग उठाने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
प्रदेशाध्यक्ष रमेशचंद्र पुष्करणा ने बताया कि 14 मई से खंड स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके बाद जिला, संभाग और प्रदेश स्तर पर धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे। जिला मंत्री राजकुमार नेता वाला ने बताया कि आंदोलन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
गौरतलब है कि शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया था कि ग्रीष्मकालीन अवकाश समय से पहले घोषित नहीं किया जाएगा। शिक्षकों ने इस वर्ष कम अवधि के ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर नाराजगी जताई थी। कॉलेज शिक्षा विभाग ने जहां 1 मई से 30 जून तक छुट्टियां घोषित की हैं, वहीं स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 16 मई से 21 जून तक रहेगा।
Published on:
12 May 2026 04:23 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
