
समलेटी गांव में मृतक के परिवार को सांत्वना देते विधायक। फोटो- पत्रिका
दौसा। समलेटी गांव में 14 वर्षीय किशोर कार्तिक बैरवा की अचानक हुई मौत ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। परिवार का इकलौता बेटा कार्तिक अब इस दुनिया में नहीं रहा, जिससे घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था, क्योंकि कार्तिक के पिता अशोक बैरवा लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह कार्तिक रोज की तरह घर में उठा था। वह पानी पीने के लिए बिस्तर से उठकर जा रहा था, तभी अचानक जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। परिजन घबराकर तुरंत उसे महुवा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रभारी डॉ. रामसिंह मीना के अनुसार मौत का कारण हृदय गति रुकना माना जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। परिजनों ने बताया कि कार्तिक पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी भी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई। परिवार के लोग अब भी इस हादसे को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक राजेंद्र मीणा रविवार को समलेटी गांव पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कार्तिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। विधायक ने कहा कि इस कठिन समय में परिवार अकेला नहीं है और पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।
परिवार की स्थिति देखकर विधायक भी भावुक नजर आए। उन्होंने अशोक बैरवा के कैंसर उपचार का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया। साथ ही परिवार की पुत्री की शिक्षा और विवाह की जिम्मेदारी लेने की बात भी कही। विधायक ने ईश्वर से दिवंगत बालक की आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। ग्रामीणों का कहना है कि कार्तिक मिलनसार स्वभाव का था और गांव में सभी से घुलमिल कर रहता था। उसकी अचानक मौत से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
Updated on:
09 May 2026 06:42 pm
Published on:
09 May 2026 05:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
