11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Dausa News : शव लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे लोग, रास्ता नहीं मिलने से नाराज थे

Dausa News : दौसा जिले में सिकराय उपखंड क्षेत्र में सोमवार को हालात उस समय गंभीर हो गए, जब एक मृतक का शव लेकर परिजन सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गए और रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे तक शव एंबुलेंस में ही रखा रहा।

2 min read
Google source verification

दौसा

image

kamlesh sharma

May 11, 2026

dausa news

सिकराय में एसडीएम कार्यालय पहुंचे ग्रामीण। फोटो पत्रिका

दौसा। सिकराय उपखंड क्षेत्र के कालवान गांव स्थित प्रजापतों की ढाणी में रास्ता बंद होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को हालात उस समय गंभीर हो गए, जब एक मृतक का शव लेकर परिजन सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गए और रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे तक शव एंबुलेंस में ही रखा रहा।

जानकारी के अनुसार प्रजापतों की ढाणी निवासी गिर्राज प्रसाद प्रजापत नांगल राजावतान थाना क्षेत्र के एक गांव में अस्पताल निर्माण कार्य में चौकीदार के रूप में कार्यरत था। कार्य के दौरान करंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

शिकायत देकर रास्ता खुलवाने की मांग

परिजन जब शव लेकर गांव पहुंचे तो ढाणी में जाने वाला रास्ता लंबे समय से बंद होने के कारण वे सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। परिजनों ने उपखंड अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार को लिखित शिकायत देकर रास्ता खुलवाने की मांग की। सूचना पर तहसीलदार हेमेंद्र मीणा और मानपुर थाना अधिकारी सतीश कुमार मौके पर पहुंचे।

रास्ता बंद कर छोड़ा गंदा पानी

तहसीलदार के नेतृत्व में रास्ते की पैमाइश की गई, लेकिन रास्ते में कीचड़ और गंदा पानी भरा होने के कारण अधिकारी अंदर तक नहीं पहुंच सके। इस दौरान करीब पांच घंटे तक शव एंबुलेंस में ही रखा रहा। अधिक समय बीतने पर शव से दुर्गंध आने लगी तो परिजनों ने स्वयं बर्फ की सिल्ली मंगवाकर शव के आस-पास रखी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रास्ते को लेकर पहले भी कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। बताया गया कि ग्राम पंचायत की ओर से करीब दस वर्ष पहले यहां सीसी रोड बनाया गया था, लेकिन बाद में कुछ लोगों ने रास्ता बंद कर उसमें गंदा पानी छोड़ दिया, जिससे प्रजापत और नेवरिया ढाणी का संपर्क बाधित हो गया।

प्रशासन ने दिया सात दिन का आश्वासन

अधिकारियों की समझाइश और जेसीबी से रास्ता साफ कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को ढाणी तक पहुंचाया गया। प्रशासन ने सात दिन में रास्ता चालू कराने का आश्वासन दिया है। बताया जा रहा है कि रास्ते को लेकर मामला न्यायालय में लंबित है। घटना के दौरान मानपुर सीओ धर्मराज चौधरी, बालाजी थाना अधिकारी गौरव प्रधान सहित सिकंदरा, मानपुर और बालाजी थानों का अतिरिक्त पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात रहा।