
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर। फाइल फोटो पत्रिका
Jaisalmer Gift : राजस्थान के मशहूर जिले जैसलमेर को जैसलमेर जिला प्रभारी व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने एक बड़ा तोहफा दिया है। प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने जैसलमेर जिले को बड़ी सौगात देते हुए जिले में 100 चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी एवं आमजन को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने गोमट की लगभग 10 हजार आबादी को देखते हुए यहां अलग से बालिका विद्यालय खोलने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि क्षेत्र की बालिकाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
जैसलमेर जिला प्रभारी व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने सोमवार को जैसलमेर जिले की ग्राम पंचायत गोमट में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही नियमानुसार त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री खींवसर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब एवं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान के लिए संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रचंड गर्मी के मद्देनज़र जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री खींवसर ने जनसुनवाई के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध जल कनेक्शनों पर विशेष निगरानी रखने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया, ताकि आमजन को निर्बाध एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में विद्युत वोल्टेज की कमी की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। इस पर प्रभारी मंत्री खींवसर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गोमट क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
Published on:
12 May 2026 11:45 am
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
