
photo-patrika
सरहदी जिले में भीषण गर्मी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को स्वर्णनगरी का अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सबसे गर्म दिनों में शामिल रहा। इससे एक दिन पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी लगातार ऊंचा बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय शहर की सडक़ें और बाजार सूने नजर आए। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। लू के थपेड़ों ने आमजन की दिनचर्या प्रभावित कर दी। गर्मी बढऩे के साथ ही कूलर, पंखे और ठंडे पेय पदार्थों की मांग में भी इजाफा देखा गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी तापमान ऊंचा बना रहने की संभावना है। लगातार बढ़ती गर्मी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने दोपहर में अनावश्यक बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव रखने की सलाह दी है।
नाचना क्षेत्र में पिछले दो दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। दिन और रात में कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तेज गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है, वहीं लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। दिन में कई बार बिजली बंद हो जाती है और घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। रात के समय भी बिजली कटने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ। गर्मी के इस दौर में बिजली की आंख-मिचौली लोगों के लिए सिरदर्द बन गई है। ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार कर नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
Published on:
11 May 2026 08:18 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
