12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Metro Phase-2 : जयपुर मेट्रो की बल्ले-बल्ले, जेडीए ने सौंपी जमीन, आज से तारबंदी का काम होगा शुरू

Jaipur Metro Phase-2 : जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना के तहत बंबाला पुलिया के पास प्रस्तावित डिपो की जमीन पर जेडीए ने कब्जा मेट्रो प्रशासन को सौंप दिया है। मंगलवार से तारबंदी का काम होगा।

2 min read
Google source verification
Jaipur Metro Phase-2 Major Boost JDA Hands Over Land Fencing Work to Begin Today

फाइल फोटो पत्रिका

Jaipur Metro Phase-2 : जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना के तहत बंबाला पुलिया के पास प्रस्तावित डिपो की जमीन पर सोमवार को जेडीए ने कब्जा मेट्रो प्रशासन को सौंप दिया है। इस दौरान जयपुर मेट्रो और जेडीए के अधिकारी मौके पर रहे। मंगलवार से मेट्रो प्रशासन जमीन पर तारबंदी का काम शुरू करेगा। लंबे समय से विवादों में फंसी इस जमीन के मेट्रो परियोजना के लिए उपलब्ध होने से फेज-2 को बड़ी गति मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार जयपुर मेट्रो को डिपो निर्माण के लिए यहां 27 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। यह जमीन पिछले करीब 15 वर्षों से कानूनी विवाद में उलझी हुई थी। करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस डिपो को अगले तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

2011 में जेडीए ने शुरू की थी प्रक्रिया

उक्त जमीन को अब अवाप्त करने की प्रक्रिया जेडीए ने वर्ष 2011 में शुरू की थी। 30 अप्रेल को हाईकोर्ट ने मेट्रो परियोजना के पक्ष में फैसला सुनाया था इसके बाद भूस्वामियों को करीब 126 करोड़ रुपए का मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई।

एडीबी देगा साढ़े छह हजार करोड़ रुपए का ऋण

वहीं दूसरी तरफ जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण की राह आसान होती जा रही है। लगातार इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की तैयारी तेज हो गई है। हाल ही केंद्रीय कैबिनेट से स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एशियन डवलपमेंट बैंक (एडीबी) साढ़े छह हजार करोड़ रुपए का ऋण प्रदान करेगा। लगभग 13,500 करोड़ रुपए की कुल लागत वाले इस प्रोजेक्ट में एडीबी 6,565 करोड़ रुपए का ऋण देगा। मेट्रो के सिविल पैकेज की बिड प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

इसके अलावा एडीबी राजस्थान शहरी लिवेबिलिटी (10,959 करोड़), पृथ्वी परियोजना (1,140 करोड़) और जल संसाधन परियोजनाओं (3,707 करोड़) के लिए भी ऋण देगा, जिसकी समीक्षा के लिए बैंक की टीम जल्द राजस्थान आएगी।

सीगल इंडिया लिमिटेड कंपनी को मिला 918 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट

सीगल इंडिया लिमिटेड कंपनी को जयपुर मेट्रो फेज-II के तहत 918 करोड़ रुपए का बड़ा प्रोजेक्ट मिला है, जिसमें 10.8 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर और 10 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। सीगल इंडिया कंपनी ने बताया कि तेजी से विकसित हो रहे जयपुर जैसे शहर में यह मेट्रो विस्तार परियोजना न सिर्फ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगी, बल्कि पूरे शहरी विकास को नई दिशा भी देगी।

कंपनी ने बताया कि यह प्रोजेक्ट जयपुर के प्रह्लादपुरा, सीतापुरा और हल्दीघाटी गेट जैसे प्रमुख क्षेत्रों में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा एक स्पर लाइन भी तैयार की जाएगी, जो मेट्रो डिपो से कनेक्ट होगी। पूरा प्रोजेक्ट 600 मीटर से लेकर 11,400 मीटर तक के क्षेत्र में फैला होगा। यह काम लगभग 34 महीने के भीतर पूरा किया जाएगा।