
Rajyavardhan Singh Rathore - File PIC
जयपुर। जिले के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी शामने आई है। बसेड़ी क्षेत्र में करीब 9.5 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक कृषि मंडी का निर्माण किया जाएगा। यह मंडी लगभग 25 एकड़ भूमि पर विकसित होगी, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इसका सबसे अधिक फायदा झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के किसानों को मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण परियोजना की घोषणा झोटवाड़ा विधायक और कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने श्योसिंहपुरा में आयोजित रथयात्रा एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों को बेहतर बाजार और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई कृषि मंडी बनने से किसानों को अपनी फसलों के उचित दाम मिल सकेंगे और उन्हें दूर-दराज की मंडियों में जाने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।
मंत्री राठौड़ ने बताया कि प्रस्तावित मंडी का निर्माण आगामी चार माह में शुरू कर दिया जाएगा। मंडी में किसानों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि कृषि उपज की खरीद-बिक्री सुगम और व्यवस्थित तरीके से हो सके। उन्होंने कहा कि मंडी बनने से केवल कृषि व्यापार को ही बढ़ावा नहीं मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की सड़क और परिवहन व्यवस्था में भी सुधार होगा। इससे आसपास के गांवों के विकास को नई गति मिलेगी।
रात्रि चौपाल कार्यक्रम में मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने श्योसिंहपुरा ग्राम पंचायत के स्कूल में अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण के लिए विधायक कोष से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस फैसले से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जरूरतों से मंत्री को अवगत कराया। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश देने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों और किसानों ने कृषि मंडी की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के कृषि व्यापार को मजबूती मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। लंबे समय से क्षेत्र में मंडी की मांग की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
Published on:
12 May 2026 06:00 am
