
पोकरण. पुलिस अधिकारियों की ओर से कस्बे में कफ्र्यू के दौरान तैैनात पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इसी के अंतर्गत पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा के नेतृत्व में थानाधिकारी सुरेन्द्रकुमार प्रजापति, पुलिस निरीक्षक कांतासिंह ढिल्लो, कपूराराम चौधरी, अरविंद चारण की ओर से गुरुवार शाम सभी नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों को ओआरएस का घोल पिलाया गया। पुलिस उपाधीक्षक गोदारा ने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में भीषण गर्मी का दौर चल रहा हैै। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पोकरण में कफ्र्यू लगा दिया गया है। प्रत्येक गली, मोहल्ले, मुख्य मार्ग व चौराहों पर पुलिस, आरएसी, होमगार्ड व बॉर्डर होमगार्ड का जाब्ता तैनात किया गया है। ऐसे में भीषण गर्मी के मौसम में पानी की कमी होने से जवानों के बीमार होने की आशंका बनी हुई थी। इसी को लेकर गुरुवार शाम उन्हें ओआरएस का घोल बनाकर पिलाया गया। उन्होंने अधिकारियों के साथ स्वयं प्रत्येक नाके पर जाकर पुलिसकर्मियों से मुलाकात की तथा उन्हें ओआरएस का घोल पिलाकर ड्यूटी करने के साथ स्वास्थ्य का भी ख्याल रखने की बात कही।
छातों का किया वितरण
पुलिस उपाधीक्षक गोदारा ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान 50 वर्ष से अधिक आयु के जवानों व बीमारियों से ग्रसित जवानों को बीमार होने से बचाने के लिए छातों का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि कई जवानों को रक्तचाप, मधुमेह के साथ अन्य बीमारियां है। ऐसे में भीषण गर्मी के मौसम में ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगडऩे की आशंका रहती है। इसी को लेकर पुलिस महानिरीक्षक की ओर से दिए गए 100 से अधिक छातों का वितरण किया गया। इस मौके पर थानाधिकारी सुरेन्द्रकुमार प्रजापति, निरीक्षक कांतासिंह ढिल्लो की ओर से चिन्हित पुलिसकर्मियों को छाते दिए गए।