सीमावर्ती जैसलमेर में नए साल का आगाज कड़ाके की सर्दी के साथ हुआ है।
सीमावर्ती जैसलमेर में नए साल का आगाज कड़ाके की सर्दी के साथ हुआ है। गुरुवार को दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। उसके बाद भी सूर्य अधिकांश समय बादलों की ओट में छिपा रहा। धूप के नहीं खिलने के साथ रही-सही कसर सर्द हवाओं के प्रवाह ने पूरी कर दी। उत्तरी दिशा से चल रही करीब 7-8 किमी प्रतिघंटा की गति वाली हवाओं ने पूरे वातावरण को झकझोर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 20.4 और न्यूनतम 9.6 डिग्री सै. रिकॉर्ड किया गया। इससे एक दिन पहले साल के अंतिम दिन बुधवार को तापमान क्रमश: 24.4 व 14.3 डिग्री रहा था। इस तरह से एक दिन में अधिकतम पारे ने 5 और न्यूनतम ने 4.7 डिग्री का गोता लगाया। दिन भर शीतलहर के चलते लोग मोटे ऊनी कपड़ों में सिमटे हुए नजर आए। शाम होते ही लोगों की कंपकंपी छूटने लगी। रात में पारे के और गिरने की संभावना के बीच लोग जल्द अपने घरों की ओर लौट गए। जैसलमेर में बड़ी संख्या में घूमने आए देशी सैलानी भी ऊनी कपड़ों में दुबके दिखे।