
जैसलमेर. राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ जिला शाखा जैसलमेर की मासिक बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष पदमाराम की अध्यक्षता में किया गया। जिला मंत्री भंवरलाल गर्ग ने बताया कि बैठक में ग्राम विकास अधिकारी संघ के सदस्यों ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर लागू करने का निर्णय लिया। बैठक में ग्राम विकास अधिकारी संघ के सदस्यों ने समस्याओं को रखा। बैठक में जिला मंत्री भंवरलाल गर्ग, प्रदेश प्रतिनिधि बलवंतसिह, जैसलमेर ब्लॉक अध्यक्ष राणुलाल, सम ब्लॉक अध्यक्ष चनणाराम, लोकेन्द्र, शेरसिह, जेठूदान, प्रकष, प्रतापाराम, गिरधारसिह, हरिशंकर, राजमल, निम्बसिह, उम्मेदसिंह, नवीन खां, हरफूल, हरखाराम, भागीरथ, रविकुमार आदि उपस्थित थे।
अनियमितताओं की शिकायत
पोकरण. ग्राम पंचायत ओढाणिया के ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को एक ज्ञापन प्रेषित कर ग्राम पंचायत की ओर से निर्माण कार्यों में कथित तौर पर की जा रही अनियमितताओं की जांच करने की मांग की है। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को प्रेषित अपने ज्ञापन में बताया कि नवसृजित ग्राम पंचायत ओढाणिया में ग्राम पंचायत की ओर से टांका निर्माण, शौचालय निर्माण, इंटरलोकिंग सडक़ निर्माण सहित विभिन्न निर्माण व विकास कार्य करवाए जा रहे है, जिनमें कई जगह अनियमितता बरती जा रही है।
महेश नवमी 21 को, होंगे विविध आयोजन
जैसलमेर. माहेश्वरी नवयुवक मण्डल जैसलमेर की ओर से आगामी 21 जून को महेश नवमी महोत्सव उत्साह पूर्वक मनाया जाएगा। इस दौरान दिन भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सुबह 7.30 बजे नीलकंठ महादेव मंदिर गड़ीसर पर शिव पूजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 8 बजे गड़ीसर बगेची से , गोपा चौक, गांधी चौक, ग्रामीण बस स्टैण्ड से होते हुए माहेश्वरी सेवा सदन, कलाकार कॉलोनी तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें समाज बुुजुर्ग, युवक, युवतियां, महिलाएं, बच्चे उत्साह के साथ भाग लेंगे। शोभायात्रा में पुरूष सफेद कुर्ता-पायजामा व महिलाएं पीली साड़ी व बालिकाएं पीले वस्त्र पहनकर भाग लेंगे। सुबह 11.30 बजे प्रतिभा सम्मान व पारितोषिक वितरण समारोह होगा, शाम 6.30 बजे लक्की ड्रा व 8 बजे सामूहिक गोठ का आयोजन होगा।