जैसलमेर

जैसलमेर: माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा का आगाज, केंद्रों पर उत्साहपूर्वक पहुंचे परीक्षार्थी

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा गुरुवार से जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल में प्रारंभ हो गईं। पहले दिन 10वीं कक्षा का अंग्रेजी विषय का प्रश्न पत्र सुबह निर्धारित समय पर 8.30 बजे शुरू हुआ। यह 11.45 बजे तक चला। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह और हल्का तनाव दोनों देखने को मिला।

2 min read
Feb 12, 2026

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा गुरुवार से जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल में प्रारंभ हो गईं। पहले दिन 10वीं कक्षा का अंग्रेजी विषय का प्रश्न पत्र सुबह निर्धारित समय पर 8.30 बजे शुरू हुआ। यह 11.45 बजे तक चला। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह और हल्का तनाव दोनों देखने को मिला। जिले के विभिन्न शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों पर समय से पहले ही परीक्षार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी।

परीक्षा केन्द्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ भी नजर आई, जो अपने बच्चों को केंद्रों पर छोडऩे और परीक्षा संपन्न होने के बाद लेने आए। कई परीक्षार्थी अंतिम समय तक पुस्तकें और नोट्स दोहराते दिखाई दिए। केन्द्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई तथा बोर्ड के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराई गई। नकल की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती गई और केन्द्राधीक्षकों की देखरेख में पूरी परीक्षा प्रक्रिया संचालित हुई। बारहवीं परीक्षा में प्रदेश के अन्य हिस्सों में गुरुवार को मनोविज्ञान का परचा था, जिसका एक भी विद्यार्थी जैसलमेर में नहीं होने से जैसलमेर जिले में शुक्रवार से 12वीं की परीक्षाएं शुरू होंगी। पहले दिन अंग्रेजी अनिवार्य विषय का परचा होगा।

पहले दिन 204 परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर

विभागीय जानकारी के अनुसार बोर्ड परीक्षा में पहले दिन 10वीं की परीक्षा में 10916 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। उनके स्थान पर 10712 परीक्षा देने पहुंचे और 204 गैरहाजिर रहे। शिक्षा विभागीय अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को सुव्यवस्थित और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई। संवेदनशील और अतिसंवेदशील केन्द्रों पर अतिरिक्त पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। उडऩदस्तों की ओर से भी विभिन्न केन्द्रों का निरीक्षण किया गया ताकि परीक्षा की पारदर्शिता बनी रहे। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अव्यवस्था की खबर नहीं मिली।

परीक्षा के लिए बनाए गए हैं 66 केंद्र

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10 और 12वीं की परीक्षाएं आगामी 11 मार्च तक चलेगी। इसके लिए सीमावर्ती जैसलमेर जिले में कक्षा 10 के लिए 9585 और 12 में 6956 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। ऐसे ही व्यावसायिक शिक्षा में 1221, वरिष्ठ उपाध्याय में 16 और प्रवेशिका में 37 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिले में इन परीक्षाओं के लिए कुल 66 परीक्षा केंद्रों की स्थापना की गई है। इनमें 65 केंद्र सरकारी विद्यालयों और एकमात्र निजी स्कूल है। 62 केंद्र ऐसे हैं, जहां 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं होंगी। जिले में एक परीक्षा केंद्र को अतिसंवेदनशील और एक परीक्षा केंद्र को संवेदनशील माना गया है।

Published on:
12 Feb 2026 08:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर