
जैसलमेर. गांव की सरकार चुनने की बारी आई तो ग्रामीण मतदाताओं ने लोकतांत्रिक भागीदारी में पीछे रहना स्वीकार नहीं किया। सोमवार को जिले की 241 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर सुबह से कतारें लगीं। महिलाओं की सक्रिय मौजूदगी, पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं का उत्साह और उम्र की सीमाओं को पीछे छोड़कर बूथ तक पहुंचे बुजुर्गों ने चुनाव की अलग तस्वीर पेश की। दस पंचायत समितियों में शाम छह बजे तक 90.60 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। कुल 4,09,588 मतदाताओं में से 3,71,091 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।पंचायत समिति खुहड़ी में सर्वाधिक 92.51 प्रतिशत मतदान हुआ। नाचना में 91.37, जैसलमेर में 91.04 और सांकड़ा में 90.91 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। दूसरी ओर रामगढ़ में 89.29 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। सभी दस पंचायत समितियों में मतदान 89 प्रतिशत से अधिक रहा। आंकड़े बताते हैं कि मतदान में क्षेत्रवार अंतर सीमित रहा, हालांकि अंतिम तुलना के लिए पिछले चुनावों के आंकड़े भी महत्वपूर्ण होंगे।
पंचायत समिति वार मतदान- खुहड़ी : 92.51 प्रतिशत
- नाचना : 91.37 प्रतिशत- जैसलमेर : 91.04 प्रतिशत
- सांकड़ा : 90.91 प्रतिशत- फतेहगढ़ : 90.79 प्रतिशत
- मोहनगढ़ : 90.13 प्रतिशत- रामदेवरा : 90.08 प्रतिशत
- भणियाणा : 89.99 प्रतिशत- राजमथाई : 89.53 प्रतिशत
- रामगढ़ : 89.29 प्रतिशत
चुनाव के दौरान कुछ दृश्य मतदान प्रतिशत से आगे जाकर लोकतांत्रिक भागीदारी का अर्थ समझाते नजर आए। चांधन में 85 वर्षीय टीबी देवी अपने पौते नवजोत के साथ लकड़ी के सहारे मतदान केंद्र पहुंचीं। धोलिया में 80 वर्षीय मांगीलाल बिश्नोई ने मतदान किया। मोहनगढ़ में 90 वर्षीय लासा देवी ने बूथ पहुंचकर वोट डाला। काणोद में 85 वर्षीय मगाराम व्हीलचेयर के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे। इन मतदाताओं की मौजूदगी ने उम्र और शारीरिक कठिनाइयों के बावजूद मताधिकार के प्रति प्रतिबद्धता को सामने रखा।
सुबह से ही ग्रामीण मतदान केंद्रों पर महिलाओं की कतारें नजर आईं। युवा मतदाताओं ने भी चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। पहली बार मतदान करने पहुंचे नवमतदाताओं के लिए यह गांव की सरकार के गठन में सीधे शामिल होने का पहला अवसर रहा। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की निरंतर आवाजाही ने ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सक्रियता को दर्शाया।